पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग को पहली बार भारत की अंडर-19 टीम में शामिल किया गया है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए चुना गया है। वहीं, राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को भी भारतीय U-19 वनडे टीम में जगह मिली है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के बीच तीनों वनडे मुकाबले सितंबर में राजकोट में खेले जाएंगे। आर्यवीर दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और इस समय दिल्ली प्रीमियर लीग में वेस्ट दिल्ली लायंस की ओर से खेल रहे हैं।
आर्यवीर और अन्वय दोनों को वनडे टीम में जगह मिली है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले दो मल्टी-डे मुकाबलों के लिए दोनों का चयन नहीं हुआ है।
DPL में खेल रहे हैं आर्यवीर
आर्यवीर सहवाग ने दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में वेस्ट दिल्ली लायंस के लिए हिस्सा लिया है। इससे पहले 2024 की कूच बिहार ट्रॉफी में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मेघालय के खिलाफ 297 रन की बड़ी पारी खेली थी।
उनके इस प्रदर्शन के बाद से ही उन्हें भारतीय अंडर-19 टीम में जगह मिलने की उम्मीद जताई जा रही थी।
अन्वय द्रविड़ भी वनडे टीम का हिस्सा
राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को भी भारत की U-19 वनडे टीम में शामिल किया गया है। अन्वय विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं। जुलाई में श्रीलंका दौरे के दौरान उन्होंने 87 रन की प्रभावी पारी खेली थी।
इस प्रदर्शन के बाद उन्होंने टीम में अपनी जगह बनाए रखी है। इस तरह भारत की U-19 वनडे टीम में सहवाग और द्रविड़ परिवार की अगली पीढ़ी एक साथ नजर आएगी।
राजकोट में होंगे तीनों वनडे
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच U-19 वनडे सीरीज के तीनों मुकाबले राजकोट में खेले जाएंगे। सभी मैच सुबह 9 बजे से शुरू होंगे।
वनडे सीरीज के बाद भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मल्टी-डे मुकाबले भी खेलने हैं। पहला मैच 27 से 30 सितंबर तक राजकोट में, जबकि दूसरा मुकाबला 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद के बी ग्राउंड में खेला जाएगा।
लक्ष्य रायचंदानी कप्तान, यशवर्धन उपकप्तान
वनडे सीरीज के लिए लक्ष्य रायचंदानी को भारतीय टीम की कमान सौंपी गई है। यशवर्धन चौहान उपकप्तान होंगे। वहीं मल्टी-डे मुकाबलों में दोनों की भूमिकाएं बदल जाएंगी। यशवर्धन कप्तान और लक्ष्य उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे।
भारतीय U-19 वनडे टीम
लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), यशवर्धन चौहान (उपकप्तान), रजत बघेल, आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़, वी यशवीर, रोहित यादव, शाविन विनोद, मोहित उल्वा, चिगुरुपति वेंकट और काव्य पटेल।
मल्टी-डे टीम में नहीं हैं आर्यवीर और अन्वय
दो मल्टी-डे मैचों के लिए चुनी गई टीम में आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ को जगह नहीं मिली है। टीम में यशवर्धन चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी (उपकप्तान), सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, मनाल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा, अभिप्राय बिस्वास, रोहित यादव, ईशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियांशु सिंह, मोहित उल्वा और आर्यन यादव शामिल हैं।
पिता के बाद बेटों ने भी बनाई क्रिकेट में पहचान
भारतीय क्रिकेट में कई ऐसे उदाहरण हैं, जहां दिग्गज क्रिकेटरों के बेटों ने भी इस खेल को करियर बनाया। सुनील गावस्कर के बेटे रोहन गावस्कर भारत के लिए 11 वनडे खेल चुके हैं।
इसी तरह लाला अमरनाथ के बेटों ने भी फर्स्ट क्लास क्रिकेट में नाम कमाया। रोजर बिन्नी के बेटे स्टुअर्ट बिन्नी ने भारत के लिए टेस्ट, वनडे और टी-20 इंटरनेशनल में खेला।
योगराज सिंह के बेटे युवराज सिंह तो भारतीय क्रिकेट के बड़े सितारों में शामिल हुए। युवराज 2007 टी-20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे। 2011 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया।
आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ का U-19 टीम में चयन अब इसी क्रिकेट विरासत की अगली कड़ी माना जा रहा है।