Balrampur Crime: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से घरेलू विवाद में हत्या का मामला सामने आया है। शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में कथित तौर पर मुर्गा नहीं बनाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल किए गए डंडे को भी जब्त कर लिया है।
पहले साथ बैठकर पी हड़िया, फिर हुआ विवाद
यह घटना शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम जोकापाट के लालदारा पारा की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी ने पहले साथ बैठकर हड़िया पी थी। इसके बाद मुर्गा बनाने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने डंडे से पत्नी के सिर और पेट पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद महिला की मौत हो गई।
परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए डंडे को जब्त कर लिया है। मामले में आरोपी पति को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Raipur Murder: अश्वनी नगर में युवक पर धारदार हथियार से हमला, इलाज के दौरान मौत; दो हमलावर फरार
इधर, राजधानी रायपुर में भी 30 अगस्त की रात युवक की हत्या का मामला सामने आया है। अश्वनी नगर स्थित गौसिया मस्जिद के पास दो अज्ञात लोगों ने एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले के बाद युवक ने मौके से भागकर जान बचाने की कोशिश की। वह एक्टिवा से आगे बढ़ रहा था, लेकिन रास्ते में नाली में वाहन फंस गया और वह सड़क पर गिर गया।
आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने युवक पर दोबारा हमला किया और मौके से फरार हो गए।
एम्स में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए एम्स अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अहमद खान (22 वर्ष), निवासी डंगनिया के रूप में हुई है।
हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल युवक की हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य संभावित सुरागों की जांच की जा रही है।
यह मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का बताया गया है।
एक ही रात में दो अलग-अलग हत्या के मामले
बलरामपुर में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की हत्या और रायपुर में युवक पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या की घटना ने छत्तीसगढ़ में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
दोनों घटनाएं अलग-अलग जिलों और परिस्थितियों से जुड़ी हैं। बलरामपुर मामले में आरोपी पति पुलिस की गिरफ्त में है, जबकि रायपुर हत्याकांड में दोनों संदिग्ध हमलावर फिलहाल फरार हैं।