सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के सतर्कता विभाग द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के पूर्व आयोजित किए जा रहे सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत 29 अगस्त 2026 को ब्लास्ट फर्नेस विभाग के अधिकारियों के लिए पहली बार ‘सतर्कता संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) द्वारा निर्धारित थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ कार्यक्रम का मुख्य आधार रही।
बीएसपी सतर्कता विभाग की इस पहल का नेतृत्व महाप्रबंधक (सतर्कता) सुश्री रेणु गुप्ता एवं उप महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री मो. नौशाद आलम ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ सतर्कता निरीक्षक श्री वीवीएस राव एवं वरिष्ठ सतर्कता निरीक्षक श्री अजय सिंह भी उपस्थित रहे।
संवादात्मक स्वरूप में आयोजित इस कार्यक्रम में ब्लास्ट फर्नेस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित 20 से अधिक अधिकारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान क्रय एवं क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न व्यावहारिक चुनौतियों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। इसके साथ ही क्रय एवं क्रियान्वयन से जुड़ी अनियमितताओं पर आधारित विभिन्न केस स्टडी पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने क्रय एवं क्रियान्वयन की प्रक्रियाओं के दौरान सामने आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों और चुनौतियों को साझा किया। साथ ही, प्रक्रियाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने, कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने तथा दैनिक कार्यों में सतर्कता एवं सत्यनिष्ठा के मानकों को प्रभावी ढंग से अपनाने के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। इस दौरान विभिन्न विषयों पर खुलकर विचारों का आदान-प्रदान हुआ और संभावित जोखिमों तथा उन्हें कम करने के उपायों पर भी चर्चा की गई।
सतर्कता टीम ने कार्यक्रम को सतर्कता अधिकारियों एवं परिचालन अधिकारियों के बीच खुले और रचनात्मक संवाद को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। टीम ने कहा कि इस प्रकार के संवादात्मक कार्यक्रम न केवल अधिकारियों को प्रक्रियागत एवं व्यावहारिक चुनौतियों को साझा करने का अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं सत्यनिष्ठा को बढ़ावा देने में भी सहायक होते हैं।
कार्यक्रम की सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए बीएसपी सतर्कता विभाग द्वारा आगामी दिनों में इसी प्रकार के ‘सतर्कता संवाद’ सत्र अन्य विभागों में भी आयोजित किए जाने की योजना है।