Meta Pixel

रायगढ़ में पुलिस का बड़ा एक्शन: 58 गुंडा-निगरानी बदमाश थाने में कराए गए हाजिर, अब हर महीने देनी होगी अटेंडेंस

Spread the love

रायगढ़। जन्माष्टमी, झूला उत्सव और चक्रधर समारोह को लेकर रायगढ़ पुलिस ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों पर निगरानी बढ़ा दी है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को पुलिस ने 58 गुंडा और निगरानी बदमाशों को उनके घरों से बुलाकर थाना परिसर में हाजिर कराया।

यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश और एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में की गई। कोतवाली, चक्रधरनगर और जूटमिल थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों के साथ रिजर्व पुलिस लाइन के जवानों ने सुबह-सुबह चिन्हित लोगों के घरों पर दबिश दी।

तड़के घर पहुंची पुलिस, थाने लाकर कराई हाजिरी

नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उईके के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने गुंडा सूची में दर्ज लोगों, निगरानी बदमाशों, सजायाफ्ता और संदिग्ध व्यक्तियों को उनके घरों से बुलाकर थाना पहुंचाया।

इसके बाद सभी को चक्रधरनगर थाना परिसर में एक साथ हाजिर कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित लोगों से उनके मौजूदा रोजगार, जीवन-यापन और आय के साधनों के बारे में जानकारी ली। साथ ही पुराने आपराधिक मामलों और विवादों को लेकर उन्हें सख्त हिदायत दी गई।

पुलिस ने साफ किया कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अब हर महीने थाने में लगानी होगी हाजिरी

पुलिस ने निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित लोगों को नियमित रूप से अपने-अपने थाना क्षेत्र में उपस्थित होकर हाजिरी देने का निर्देश दिया है।

उन्हें हर महीने थाने पहुंचकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के साथ-साथ रोजगार और आय के स्रोत से जुड़ी जानकारी भी पुलिस को देनी होगी।

इस दौरान कुछ पुराने गुंडा और निगरानी बदमाशों ने पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी बात रखी। उनका कहना था कि लंबे समय से उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला या शिकायत नहीं है, इसलिए उनका नाम निगरानी सूची से हटाया जाना चाहिए।

त्योहारों से पहले पुलिस का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ में कानून-व्यवस्था और शांति के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। आगामी धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को देखते हुए पुलिस असामाजिक तत्वों और आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों पर लगातार नजर रख रही है।

उन्होंने पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों से अपराध से दूर रहने और समाज की मुख्यधारा में शांतिपूर्ण तरीके से जीवन बिताने की अपील की। पुलिस ने संकेत दिया है कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *