Meta Pixel

सेवानिवृत्ति पर बीएसपी प्रबंधन ने दी भावभीनी विदाई

Spread the love

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र की सेवा से अगस्त माह 2026 में कुल 77 कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए, जिसमें 06 कार्यपालक व 71 गैर-कार्यपालक शामिल हैं। इसके साथ ही जून एवं जुलाई 2026 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले 62 कार्यपालकों तथा जुलाई माह में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले 124 गैर-कार्यपालकों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यपालकों हेतु विदाई समारोह का आयोजन इस्पात भवन स्थित निदेशक प्रभारी सभागार में किया गया। निदेशक प्रभारी श्री चित्तरंजन महापात्र ने अगस्त माह में सेवानिवृत्त हुए कार्यपालकों को सेवानिवृत्ति आदेश प्रदान किया तथा उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें स्वस्थ एवं सुखद भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए. के. चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री प्रबीर कुमार सरकार, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (माइंस) श्री कमल भास्कर तथा कार्यपालक निदेशक (रावघाट) श्री अरुण कुमार उपस्थित रहे।

निदेशक प्रभारी श्री चित्तरंजन महापात्र ने सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारियों से आत्मीय संवाद कर संयंत्र के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में उनके अनुभव एवं सुझाव आमंत्रित किए। सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारियों ने अपने सेवाकाल की यात्रा साझा करते हुए अपने अनुभव एवं विचार व्यक्त किए। निदेशक प्रभारी एवं कार्यपालक निदेशकों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों को जीवन के नए पड़ाव के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह का संचालन श्री सुप्रियो सेन ने किया।

भिलाई निवास में आयोजित समारोह में अगस्त माह में सेवानिवृत्त हुए 71 गैर-कार्यपालकों को भावभीनी विदाई दी गई। कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम एवं महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री संजय द्विवेदी ने कार्मिकों को सेवानिवृत्ति आदेश प्रदान किया। संयंत्र प्रबंधन ने विदा होने वाले इस्पात बिरादरी के सदस्यों के योगदान को रेखांकित करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की।

इसके साथ ही जून माह में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले 24 तथा जुलाई माह में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले 38 कार्यपालकों को भी सम्मानित किया गया। इस प्रकार कुल 62 कार्यपालकों को सम्मानित किया गया। निदेशक प्रभारी श्री चित्तरंजन महापात्र ने उन्हें सम्मानित किया तथा उनके सेवाकाल में दिए गए योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए. के. चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री प्रबीर कुमार सरकार, कार्यपालक निदेशक (माइंस) श्री कमल भास्कर तथा कार्यपालक निदेशक (रावघाट) श्री अरुण कुमार उपस्थित रहे।

जुलाई 2026 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले 124 गैर-कार्यपालकों को भी भिलाई निवास में आयोजित समारोह में भावभीनी विदाई एवं सम्मान दिया गया। कार्यपालक निदेशक (रावघाट) श्री अरुण कुमार एवं महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री संजय द्विवेदी ने कार्मिकों को सम्मानित किया। समारोह का समन्वय श्री सुप्रियो सेन ने किया। संयंत्र प्रबंधन ने उनके सेवाकाल में दिए गए योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *