Meta Pixel

Vijay News: CM विजय ने बुजुर्ग महिला को अपना 40 हजार का सनग्लास पहनाया, बोलीं- सामने हीरो खड़ा था; किसानों से भी की मुलाकात

Spread the love

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय मंगलवार को मेट्टूर डैम के गेट खोलने पहुंचे। कावेरी डेल्टा के किसानों को सिंचाई के लिए पानी छोड़ने के कार्यक्रम के बीच उनका एक अलग अंदाज भी देखने को मिला। सलेम जाते समय मुख्यमंत्री अचानक चिन्नागवुर में एक बुजुर्ग महिला के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात की।

इस दौरान विजय ने बुजुर्ग महिला चेल्लम से बातचीत की और उनका हालचाल जाना। बातचीत के बीच उन्होंने अपना डियोर का सनग्लास उतारकर चेल्लम को पहना दिया। इस सनग्लास की कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई जा रही है।

सनग्लास पहनने के बाद चेल्लम ने विजय के साथ लोगों का अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि विजय को अचानक अपने सामने देखकर वह हैरान रह गईं और उन्हें ऐसा लगा जैसे कोई फिल्मी हीरो उनके सामने खड़ा हो।

विजय ने पूछा- खाना खाया या नहीं?

मुख्यमंत्री ने चेल्लम से बातचीत के दौरान पूछा कि उन्होंने खाना खाया है या नहीं। चेल्लम ने बताया कि वह उनका इंतजार कर रही थीं।

इस पर विजय ने उन्हें पहले खाना खाने के लिए कहा और बताया कि वह खुद खाना खा चुके हैं। मुलाकात के दौरान उन्होंने चेल्लम को साड़ी भी भेंट की।

अचानक ग्रामीणों के बीच पहुंचे विजय

विजय का यह ग्रामीण दौरा पहले से निर्धारित कार्यक्रम का हिस्सा नहीं था। मेट्टूर से एयरपोर्ट की ओर जाते समय उन्होंने खेत के पास रुककर स्थानीय लोगों से मुलाकात की।

इसके बाद वह किसान पलानीसामी के पशु शेड में भी पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों और किसानों से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने बुजुर्ग महिलाओं से उनका हाल जाना और किसानों को सिल्क की धोती-साड़ियां भी भेंट कीं।

करीब 15 मिनट तक चले इस दौरे के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए।

चेल्लम ने विजय के लिए कही खास बात

मुलाकात के दौरान चेल्लम ने विजय के प्रति अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए कहा कि अगर कोई विजय को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा तो वह उनका बचाव करेंगी।

रिपोर्ट के मुताबिक, चेल्लम ने मुलाकात के दौरान अपनी निजी परेशानियों का विस्तार से जिक्र नहीं किया। हालांकि, बताया गया कि उन्हें राशन कार्ड से जुड़ी समस्या है और उम्र अधिक होने के कारण वह काम करने में सक्षम नहीं हैं।

मेट्टूर डैम का जलस्तर 90 फीट के पार

मुख्यमंत्री विजय ने मंगलवार को मेट्टूर डैम के गेट खोलकर कावेरी डेल्टा में सिंचाई के लिए पानी छोड़ा। डैम का जलस्तर 90 फीट से ऊपर पहुंचने के बाद गेट खोले गए।

इस साल कम बारिश और कावेरी में अपेक्षाकृत कम पानी आने के कारण सिंचाई के लिए पानी छोड़ने में देरी हुई।

विजय चेन्नई से विमान के जरिए सलेम पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से मेट्टूर गए। रास्ते में स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। डैम पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने आठ गेट खोलकर पानी छोड़ा और कावेरी नदी को फूल अर्पित किए। शुरुआत में करीब 3,000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की बात कही गई। किसानों से पानी का इस्तेमाल जरूरत और उपलब्धता के अनुसार करने की अपील की गई।

12 जिलों के किसानों को मिलेगा फायदा

मेट्टूर डैम से छोड़ा गया पानी कावेरी डेल्टा के करीब 12 जिलों के किसानों तक पहुंचने की उम्मीद है। इससे खरीफ फसलों की सिंचाई के साथ कुछ क्षेत्रों में पानी की जरूरत भी पूरी हो सकेगी।

हालांकि, कुछ किसानों ने चिंता जताई कि करीब 45 दिनों तक पानी उपलब्ध रहना पूरी फसल के लिए पर्याप्त नहीं हो सकता। पूरे कृषि सीजन के दौरान पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है।

पानी छोड़ने के साथ बिजली उत्पादन भी शुरू

मेट्टूर डैम से पानी छोड़े जाने के साथ ही यहां बिजली उत्पादन भी शुरू किया गया। परियोजना से करीब 460 मेगावाट बिजली उत्पादन किए जाने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री विजय ने डैम के निर्माण से संबंधित फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों और किसानों से मुलाकात कर सिंचाई व्यवस्था और खेती से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।

CM विजय ने मंगलवार को सिंचाई के लिए मेट्टूर डैम के गेट खोले।
CM विजय ने मंगलवार को सिंचाई के लिए मेट्टूर डैम के गेट खोले।
विजय ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्हें कपड़े दिए।
विजय ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्हें कपड़े दिए।
चेल्लम ने सनग्लास पहनने के बाद CM विजय के साथ लोगों का अभिवादन किया।
चेल्लम ने सनग्लास पहनने के बाद CM विजय के साथ लोगों का अभिवादन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *