Bhाटापारा Crime News: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में नाबालिग बच्चों के साथ कथित तौर पर गंभीर मारपीट और यौन हिंसा का मामला सामने आया है। भाटापारा शहर थाना क्षेत्र के महारानी चौक में लगे मेले में दो नाबालिग बच्चों पर खिलौने चोरी करने का आरोप लगाया गया। आरोप है कि दुकानदार गोवर्धन वर्मा ने बच्चों के साथ मारपीट की, बेल्ट से पीटा और उन्हें धमकाया।
पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान बच्चों के साथ गंभीर यौन दुर्व्यवहार भी किया गया और उनके कपड़े उतरवाए गए। आरोप है कि आरोपी ने खुद को ‘भाटापारा का दादा’ बताते हुए बच्चों को डराया-धमकाया। घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
मेले में बच्चों पर लगाया चोरी का आरोप
पुलिस के अनुसार, महारानी चौक में मेला लगा हुआ था। इसी दौरान खिलौने की दुकान लगाने वाले गोवर्धन वर्मा ने दो नाबालिग बच्चों पर खिलौने चोरी करने का आरोप लगाया।
आरोप है कि इसके बाद दुकानदार ने दोनों बच्चों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बच्चों को बेल्ट से पीटने के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज भी की गई।
मामला यहीं नहीं रुका। आरोप है कि आरोपी ने मेले में मौजूद लोगों के सामने बच्चों के साथ गंभीर यौन दुर्व्यवहार किया और उनके कपड़े उतरवाए। घटना के दौरान बच्चे बेहद डरे हुए थे।
खुद को ‘भाटापारा का दादा’ बताकर धमकाया
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बच्चों को डराने के लिए खुद को ‘भाटापारा का दादा’ बताया। आरोप है कि उसने अपनी दबंग छवि का हवाला देकर बच्चों को धमकाया, जिससे वे भयभीत हो गए।
घटना के दौरान बच्चों के साथ किए गए कथित दुर्व्यवहार का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया।
आरोपी के कहने पर वीडियो बनाए जाने का दावा
मामले में सामने आए वीडियो ने पुलिस तक घटना की जानकारी पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। बताया जा रहा है कि वीडियो आरोपी के कहने पर बनाया गया था।
बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पीड़ित बच्चों की पहचान कर उनके बयान दर्ज किए।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
भाटापारा शहर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी गोवर्धन वर्मा को हिरासत में लिया। पुलिस ने पीड़ित बच्चों के बयान और सामने आए वीडियो समेत अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
दोनों पीड़ित नाबालिग होने के कारण आरोपी के खिलाफ POCSO Act और संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
SDOP बोले- जांच जारी, दूसरे लोगों की भूमिका भी जांचेंगे
भाटापारा SDOP तारेश साहू के मुताबिक, महारानी चौक में आयोजित मेले के दौरान बच्चों पर खिलौने चोरी करने का आरोप लगाकर उनके साथ मारपीट और गंभीर यौन दुर्व्यवहार किया गया।
उन्होंने बताया कि घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को POCSO Act के तहत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है। जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश
नाबालिग बच्चों के साथ कथित तौर पर हुई इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने बच्चों के साथ इस तरह का व्यवहार करने वाले आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।


