Pan Masala Ad Controversy: पान मसाला के कथित सरोगेट विज्ञापन को लेकर अभिनेता शाहरुख खान की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) की ओर से भेजे गए नोटिस का जवाब देने की तय समय सीमा खत्म हो चुकी है, लेकिन शाहरुख खान की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं मिला है।
वहीं, अभिनेता अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ ने FDA के नोटिस का जवाब दे दिया है। तीनों कलाकारों को ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन को लेकर नोटिस जारी किया गया था। FDA ने उनसे यह स्पष्ट करने को कहा था कि विज्ञापन किसी प्रतिबंधित पान मसाला या तंबाकू उत्पाद के अप्रत्यक्ष प्रचार का हिस्सा तो नहीं है।
15 दिन में जवाब देने का दिया गया था निर्देश
महाराष्ट्र FDA ने अगस्त में शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को नोटिस जारी किया था। इसमें तीनों से निर्धारित समय के भीतर अपना पक्ष रखने को कहा गया था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, FDA को अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ के जवाब प्राप्त हो चुके हैं, जबकि शाहरुख खान की ओर से अभी तक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। अब नियामक उनकी तरफ से जवाब आने का इंतजार कर रहा है।
FDA को किस बात पर है आपत्ति?
विवाद की मुख्य वजह यह है कि ‘च्युइंग इलायची’ के विज्ञापन की ब्रांडिंग का संबंध कथित तौर पर विमल पान मसाला से जोड़ा जा सकता है या नहीं।
महाराष्ट्र में पान मसाला के प्रचार पर प्रतिबंध है। ऐसे में FDA यह जांचना चाहता है कि इलायची के नाम पर किया गया विज्ञापन कहीं प्रतिबंधित उत्पाद के सरोगेट प्रमोशन का तरीका तो नहीं है।
तीनों अभिनेताओं से मांगे गए थे सबूत
FDA ने कलाकारों से विज्ञापन और प्रोडक्ट से जुड़े दस्तावेजों के जरिए यह स्पष्ट करने को कहा था कि जिस इलायची उत्पाद का प्रचार किया गया है, वह पान मसाला से अलग है।
इसके अलावा उनसे यह भी बताने को कहा गया कि विज्ञापन का इस्तेमाल प्रतिबंधित पान मसाला या तंबाकू उत्पादों की अप्रत्यक्ष मार्केटिंग के लिए नहीं किया जा रहा।
जवाब नहीं देने पर क्या हो सकता है?
अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ की ओर से जवाब मिलने के बाद अब FDA का फोकस शाहरुख खान के पक्ष पर है।
अगर निर्धारित समय में जवाब नहीं दिया गया है, तो नियामक आगे की कार्रवाई पर फैसला ले सकता है। इसमें जुर्माना या कानूनी कार्रवाई जैसे विकल्प शामिल हो सकते हैं। हालांकि, शाहरुख के खिलाफ वास्तव में क्या कदम उठाया जाएगा, यह FDA के अगले फैसले के बाद ही स्पष्ट होगा।
पान मसाला विज्ञापनों को लेकर पहले भी दे चुके हैं बयान
सेलेब्रिटीज के पान मसाला और तंबाकू से जुड़े विज्ञापनों को लेकर लंबे समय से बहस होती रही है। शाहरुख खान और अजय देवगन भी अतीत में इस मुद्दे पर अपनी राय सार्वजनिक कर चुके हैं।
शाहरुख खान का तर्क रहा है कि यदि सरकार किसी उत्पाद को स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक मानती है, तो उसके विज्ञापन पर सवाल उठाने के बजाय उसके उत्पादन और बिक्री पर रोक लगाने का फैसला किया जाना चाहिए।
शाहरुख खान बोले थे- नुकसानदेह है तो बिक्री पर रोक लगाएं
एक पुराने इंटरव्यू में शाहरुख खान से सेलिब्रिटीज द्वारा ऐसे उत्पादों के विज्ञापन करने को लेकर सवाल पूछा गया था। इस पर उन्होंने तर्क दिया था कि यदि कोई चीज वास्तव में लोगों के लिए नुकसानदायक है, तो सरकार को उसके उत्पादन और बिक्री पर रोक लगा देनी चाहिए।
उनका कहना था कि कलाकार के तौर पर काम करना और उससे कमाई करना उनका पेशा है। यदि किसी उत्पाद को गलत माना जाता है तो उसके निर्माण पर ही रोक लगाना ज्यादा प्रभावी कदम होगा।
अजय देवगन ने कहा था- मैं इलायची का विज्ञापन करता हूं
2022 में भी पान मसाला विज्ञापनों को लेकर विवाद सामने आया था। उस दौरान अजय देवगन ने अपना बचाव करते हुए कहा था कि वह इलायची उत्पाद का विज्ञापन करते हैं।
उन्होंने सरोगेट विज्ञापन के आरोपों से असहमति जताई थी। अजय ने यह भी कहा था कि किसी चीज का इस्तेमाल करना व्यक्ति की अपनी पसंद है और यदि कोई उत्पाद हानिकारक है तो उसके निर्माण पर रोक लगाने पर विचार होना चाहिए।
पहले भी विवादों में रहे सेलिब्रिटी विज्ञापन
सेलिब्रिटीज के विज्ञापनों को लेकर इससे पहले भी कई बार विवाद सामने आ चुके हैं। इनमें कंटेंट, सामाजिक संदेश और विज्ञापन में दिखाए गए दृश्यों को लेकर आपत्तियां शामिल रही हैं।
कृति सेनन का जूलरी एड विवाद
अभिनेत्री कृति सेनन एक जूलरी ब्रांड के विज्ञापन को लेकर विवादों में आई थीं। रक्षाबंधन से जुड़े इस विज्ञापन में उनके कपड़ों और प्रस्तुति को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए गए। विवाद बढ़ने के बाद विज्ञापन को हटाए जाने की बात सामने आई थी।
आमिर खान के बैंक विज्ञापन पर विवाद
अभिनेता आमिर खान और कियारा आडवाणी एक बैंक के विज्ञापन में नजर आए थे। विज्ञापन में शादी के बाद दुल्हन के घर आने की पारंपरिक कहानी से अलग प्रस्तुति दिखाई गई थी। इस पर भी सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी।
तनिष्क के विज्ञापन पर मचा था विवाद
टाटा ग्रुप के ज्वेलरी ब्रांड तनिष्क का एक विज्ञापन भी काफी विवादों में रहा था। इसमें अलग धर्मों से जुड़े परिवार और शादी की कहानी दिखाई गई थी। विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर विरोध हुआ, जिसके बाद कंपनी ने इसे हटा दिया था।
अब नजर FDA के अगले कदम पर
फिलहाल पान मसाला विज्ञापन मामले में अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ का पक्ष FDA के पास पहुंच चुका है, जबकि शाहरुख खान के जवाब का इंतजार है। अब देखना होगा कि शाहरुख की ओर से जवाब दिया जाता है या नहीं और FDA इस पूरे मामले में आगे क्या कार्रवाई करता है।