बेमेतरा – जिले के बदनारा गांव में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक नाराज होकर करीब 125 फीट ऊंचे BSNL टावर पर जा चढ़ा। युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पत्नी से मांगे थे शराब के लिए पैसे
बताया जा रहा है कि युवक ने अपनी पत्नी से शराब पीने के लिए रुपये मांगे थे। रुपये नहीं मिलने से वह नाराज हो गया और गुस्से में घर से निकलकर BSNL टावर पर चढ़ गया। देखते ही देखते वह टावर के काफी ऊंचाई वाले हिस्से तक पहुंच गया, जिससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई।
पुलिस और ग्रामीणों ने घंटों की मशक्कत के बाद बचाया
घटना की सूचना मिलते ही नांदघाट पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने युवक को समझाने-बुझाने की कोशिश शुरू की। काफी देर तक चले प्रयासों के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
नांदघाट थाना क्षेत्र का मामला
पूरा मामला नांदघाट थाना क्षेत्र के बदनारा गांव का बताया जा रहा है। युवक के टावर पर चढ़ने की वजह से देर रात तक गांव में लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिस ने समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर राहत की सांस ली।