Meta Pixel

पर्यटकों से ठगी : चित्रकोट के दंडामी रिसोर्ट के नाम पर बना ली फर्जी वेबसाइट

Spread the love

रायपुर। राज्य के लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल बस्तर, चित्रकोट के दंडामी रिसोर्ट को बुक कराने फर्जी वेबसाइट बनाकर पर्यटकों के साथ ठगी करने का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर ठगों ने छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की आधिकारिक ब्रांच का दुरुपयोग करते हुए रिसोर्ट की क्लोन वेबसाइट तैयार की और उसके माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर पर्यटकों से अग्रिम राशि अपने खातों में ट्रांसफर कर ठगी का शिकार बनाया।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के पर्यटन अधिकारी दिनेश जांगड़े ने ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। मंडल की ओर से 23 अगस्त को पुलिस के पास लिखित में शिकायत दर्ज कराई गई है। जांच में प्रथम दृष्टया वित्तीय धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद तीन मोबाइल नंबरों के धारकों को संदिग्ध आरोपी बनाया गया है। शिकायत के अनुसार, साइबर अपराधियों ने बस्तर के चित्रकोट स्थित प्रसिद्ध दंडामी लग्जरी रिसोर्ट के नाम पर फर्जी वेबसाइट तैयार की।

ठगों ने रिसोर्ट बुकिंग के नाम पर पर्यटकों को बनाया शिकार
वेबसाइट को इस तरह डिजाइन किया गया था कि पहली नजर में वह पर्यटन मंडल की अधिकृत वेबसाइट जैसी दिखाई दे। इसमें छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल का आधिकारिक लोगो, दंडामी रिसोर्ट की तस्वीरों और प्रबंधन से संबंधित पदनामों का इस्तेमाल किया गया। ठगों ने वेबसाइट को इस तरह प्रचारित किया कि गूगल पर रिसोर्ट की जानकारी और बुकिंग तलाशने वाले पर्यटक फर्जी वेबसाइट तक पहुंच जाएं। इसके बाद पर्यटकों को रिसोर्ट में रूम बुक कराने के नाम पर संपर्क कराया जाता था और अग्रिम भुगतान फर्जी माध्यमों से कराने का आरोप है।

पर्यटकों के शिकायत के बाद मिली जानकारी
जिन पर्यटकों ने फर्जी वेबसाइट से ऑनलाइन बुकिंग कराई थी, वे चित्रकोट पहुंचे तो उन्हें अपने द्वारा कराई गई बुकिंग नहीं होने की जानकारी मिली। जिन नंबरों से संपर्क कर पर्यटक रिसोर्ट में अपने रुकने के लिए जगह बुक कराई थी। उनसे संपर्क करने पर उन्हें वो नंबर बंद मिले। इसके बाद पर्यटकों ने इसकी शिकायत पर्यटन मंडल के अफसरों से की। तब छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अधिकारियों को फर्जी वेबसाइट के बारे में जानकारी मिली। जालसाजों ने कितने पर्यटकों के साथ ठगी की है, पर्यटन मंडल के अफसरों ने इसकी जानकारी नहीं दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *