धरसींवा – ग्राम पिरदा में सतनामी समाज के तत्वावधान में राजा गुरु बालकदास युवा समिति द्वारा भव्य एवं गरिमामय शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज के लोग, युवा और महिलाएं शामिल हुए। कार्यक्रम में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा विशेष रूप से शामिल हुए और समाज के लोगों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान बाबा के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में नजर आया।
पूजा-अर्चना के बाद निकली शोभायात्रा
शोभायात्रा की शुरुआत मंदिर प्रांगण में विशेष पूजा-अर्चना और जैतखाम की वंदना के साथ हुई। इसके बाद शोभायात्रा मंदिर परिसर से मुख्य बाजार चौक होते हुए पिरदा स्कूल प्रांगण पहुंची। यात्रा के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों और समाज के प्रबुद्धजनों ने पुष्पवर्षा एवं आतिशबाजी के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया। सतनामी समाज के जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नागरिकों ने विधायक अनुज शर्मा का पुष्पहार और साफा पहनाकर अभिनंदन किया।
पंथी नृत्य बना आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा के दौरान पारंपरिक पंथी नृत्य दलों ने शानदार और ओजस्वी प्रस्तुतियां दीं। पंथी नृत्य ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का खासा आकर्षण खींचा। शोभायात्रा में युवाओं और महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली।
‘अन्याय के खिलाफ क्रांति का शंखनाद हैं राजा गुरु बालकदास जी’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने गुरु घासीदास जी और राजा गुरु बालकदास जी के विचारों को याद किया। उन्होंने कहा कि राजा गुरु बालकदास जी केवल एक नाम नहीं, बल्कि अन्याय, अत्याचार और असमानता के खिलाफ क्रांति का शंखनाद हैं। उन्होंने कहा कि गुरु घासीदास जी ने सत्य, अहिंसा, प्रेम और ‘मनखे-मनखे एक समान’ का संदेश दिया, वहीं राजा गुरु बालकदास जी ने साहस, नेतृत्व और शौर्य के साथ इन विचारों को समाज में स्थापित करने का काम किया। उन्होंने समाज को संगठित किया और शोषितों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया।
‘मनखे-मनखे एक समान’ को जीवन में उतारें युवा
विधायक शर्मा ने युवाओं की ऊर्जा और सामाजिक भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि गुरु बालकदास जी के विचार आज भी युवाओं को प्रेरणा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सतनामी समाज का इतिहास त्याग, तपस्या और स्वाभिमान का इतिहास है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि ‘मनखे-मनखे एक समान’ के सिद्धांत को केवल नारों तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाएं और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहयोग का हाथ बढ़ाएं।
बड़ी संख्या में समाज के लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा, पूर्व विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा, राजा गुरु बालकदास युवा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य, सतनामी समाज के गणमान्य नागरिक, बुजुर्ग, युवा और महिलाएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, सामाजिक एकजुटता और भक्तिमय माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।