कवर्धा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पंडरिया विधानसभा में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में भारतीय जनता युवा मोर्चा, पंडरिया विधानसभा की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विधायक भावना बोहरा के मार्गदर्शन में हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में युवा और क्षेत्रवासी शामिल हुए।
15 टीमों के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला
दही हांडी प्रतियोगिता में पंडरिया, कुई-कुकदुर और दुल्लापुर मंडल की कुल 15 टीमों ने हिस्सा लिया। दही हांडी फोड़ने के लिए टीमों के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। युवाओं के उत्साह और दर्शकों के जयकारों से पूरा आयोजन स्थल गूंज उठा।
प्रतियोगिता में ग्राम रौहा और ग्राम केसलीगोडान की संयुक्त टीम ने पहला स्थान हासिल किया। ग्राम मैनपुरा की टीम दूसरे और स्टार गोल्ड पंडरिया की टीम तीसरे स्थान पर रही।
विजेता टीमों को मिला पुरस्कार
विधायक भावना बोहरा ने प्रतियोगिता में शामिल युवाओं से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। विजेता टीम को ₹25 हजार और ट्रॉफी, उपविजेता को ₹15 हजार और ट्रॉफी, जबकि तीसरे स्थान पर रही टीम को ₹11 हजार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
बोलीं भावना बोहरा—कृष्ण का जीवन कर्म और कर्तव्य की सीख देता है
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन केवल श्रद्धा और आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके जीवन से कर्तव्य, साहस, नीति, कर्म और लोककल्याण की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी जैसे पर्व नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने दही हांडी प्रतियोगिता को युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने वाला आयोजन बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व और आपसी सहयोग जैसे गुण विकसित होते हैं।
संस्कृति और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ने पर जोर
भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा में विकास कार्यों के साथ-साथ क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए भाजपा पदाधिकारियों, युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जब युवा अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े आयोजनों में सक्रिय भागीदारी करते हैं, तो इससे आने वाली पीढ़ी तक हमारी सांस्कृतिक विरासत को पहुंचाने का रास्ता मजबूत होता है।
कल दशरंगपुर में होगा अगला आयोजन
जन्माष्टमी महोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता की श्रृंखला के तहत 5 सितंबर को बजरंग चौक, दशरंगपुर में इन्दौरी और रणवीरपुर मंडल के संयुक्त आयोजन में कार्यक्रम होगा। इसमें दोनों मंडलों की टीमें दही हांडी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।