Meta Pixel

टाटा मैजिक में लाश : पुलिस को आते देख आरोपी गाड़ी छोड़कर भागे

Spread the love

रायपुर – गश्त के दौरान परसतराई के पास यात्री गाड़ी टाटा मैजिक में लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। लाश मिलने की घटना गुरुवार देर रात पौने दो बजे के करीब धरसींवा थाना क्षेत्र में हुई। मृतक की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। आरोपी खमतराई थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। धरसींवा पुलिस ने शून्य में अपराध दर्ज कर केस डायरी खमतराई पुलिस के पास भेज दी है। 

मृतक की लाश सफेद चादर में लिपटी हुई थी। पुलिस को आते देख आरोपी गाड़ी बैक कर बस्ती के अंदर घुसा दिए, इसके बाद अंधेरे का फायदा उठाकर खेत के रास्ते फरार हो गए
प्रारंभिक पड़ताल में पुलिस ने हत्या के बाद लाश को कहीं ले जाकर छिपाने या ठिकाने लगाने की आशंका जताई है। 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
हालांकि मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा। पुलिस की टीम परसतराई इलाके में नहर पुलिया के पास गश्त कर रही थी। तभी सामने से टाटा मैजिक आती दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी रोकने का इशारा किया तो ड्राइवर ने उसे आगे ले जाने के बजाय पीछे करना शुरू कर दिया और गाड़ी को बैक कर भाग गए।

संजय चौहान के नाम रजिस्टर्ड है गाड़ी 
गाड़ी नंबर तथा गाड़ी में लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने गाड़ी मालिक के बारे में जानकारी जुटाई तो गाड़ी संजय चौहान के नाम पर रजिस्टर्ड होना पाया। पुलिस के मुताबिक, गाड़ी को संजय का बेटा चलाता है। लाश मिलने की घटना के बाद वह फरार है। गाड़ी मालिक तथा एक अन्य को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

हॉस्पिटल के लिए बुक की थी गाड़ी
आरोपियों ने हॉस्पिटल से किसी को ले जाने का झांसा देकर गाड़ी बुक की थी। आरोपियों ने शाम 5 बजे के आसपास ही गाड़ी बुक कर ली थी। साथ ही आरोपियों ने गाड़ी मालिक को बोले थे कि आने में उन्हें देर भी हो सकती है। साथ ही उन्होंने गाड़ी मालिक को रास्ते में अपने मोबाइल बंद होने की बात कही थी। सवाल उठ रहा है कि गाड़ी मालिक का बेटा अपनी गाड़ी में लाश ले जाने कैसे तैयार हो गया? गाड़ी में लाश कहां डाली गई? आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही इस बात का खुलासा होगा। मृतक की उम्र 40 साल के करीब है।

ऑयल डलवाते पुलिस को मिले सीसीटीवी फूटेज
जिस गाड़ी में लाश मिली है, उस गाड़ी के ड्राइवर तथा दो अन्य लोगों के पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। फूटेज में तीन लोग रावांभाठा के एक पेट्रोल पंप में पेट्रोल डलवाते दिख रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, अज्ञात व्यक्ति के साथ मारपीट करने के बाद जीआई तार से उसका गला घोंटकर हत्या की गई है। आरोपियों द्वारा हत्या करने के बाद लाश आउटर के किसी सुनसान इलाके में नाले में फेंकने की फिराक में होने की पुलिस आशंका व्यक्त कर रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *