Tecno Camon Slim 5G: टेक्नो ने अपने कैमोन सीरीज में नया स्मार्टफोन Tecno Camon Slim 5G जोड़ दिया है। कंपनी ने सोमवार को इस फोन को आधिकारिक तौर पर पेश करते हुए अपनी वेबसाइट पर लिस्ट किया है। लिस्टिंग के साथ ही फोन के डिजाइन, स्पेसिफिकेशन, फीचर्स और कलर वेरिएंट की जानकारी सामने आ गई है।
फोन की सबसे खास बात इसका बेहद पतला 6.39mm डिजाइन है। इसके बावजूद कंपनी ने इसमें 6,000mAh की बैटरी और मीडियाटेक डाइमेंसिटी प्रोसेसर दिया है। हालांकि, टेक्नो ने अभी फोन की कीमत और बिक्री शुरू होने की तारीख का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है।
Tecno Camon Slim 5G की कीमत और स्टोरेज
कंपनी ने फिलहाल Tecno Camon Slim 5G की ग्लोबल कीमत या बिक्री की सटीक तारीख का खुलासा नहीं किया है। इतना जरूर बताया गया है कि स्मार्टफोन की बिक्री ग्लोबल मार्केट में टेक्नो के ऑनलाइन स्टोर के जरिए की जाएगी।
यह फोन दो स्टोरेज कॉन्फिगरेशन में आएगा:
- 8GB RAM + 128GB स्टोरेज
- 8GB RAM + 256GB स्टोरेज
कलर ऑप्शंस की बात करें तो फोन को बरगंडी रेड, गॉसमर व्हाइट, मैटिस ब्लैक, नियो मोंड्रियन, रिबेल पिंक और वान गॉग ब्लू रंगों में पेश किया गया है।
6.78 इंच AMOLED डिस्प्ले
Tecno Camon Slim 5G में 6.78 इंच की 1.5K AMOLED डिस्प्ले दी गई है। इसका रेजोल्यूशन 1,208 x 2,644 पिक्सल है। डिस्प्ले में 144Hz तक का रिफ्रेश रेट मिलता है, जबकि यह 2,160Hz PWM हाई-फ्रीक्वेंसी डिमिंग को भी सपोर्ट करती है।
सॉफ्टवेयर की बात करें तो फोन Android 16 पर आधारित कंपनी के HiOS 16 इंटरफेस पर चलता है।
Dimensity 7300e से लैस
परफॉर्मेंस के लिए इस स्मार्टफोन में ऑक्टा-कोर MediaTek Dimensity 7300e चिपसेट दिया गया है। कंपनी ने इसे डेली यूज के साथ मल्टीटास्किंग और बेहतर परफॉर्मेंस के लिए तैयार किया है।
फोन की मजबूती पर भी कंपनी ने खास ध्यान दिया है। Tecno के अनुसार, यह स्मार्टफोन IP66, IP68, IP69 और IP69K जैसी डस्ट और वॉटर रेजिस्टेंस रेटिंग्स के साथ आता है।
50MP OIS कैमरा, 32MP सेल्फी कैमरा
फोटोग्राफी के लिए फोन के रियर में डुअल कैमरा सेटअप मिलता है। इसमें OIS सपोर्ट वाला 50MP प्राइमरी कैमरा दिया गया है। इसमें f/1.8 अपर्चर के साथ Sony LYT-700C सेंसर मिलता है।
इसके साथ 112-डिग्री फील्ड ऑफ व्यू और ऑटोफोकस सपोर्ट वाला 8MP अल्ट्रावाइड कैमरा मौजूद है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में फ्रंट की तरफ 32MP कैमरा दिया गया है।
6000mAh बैटरी और 45W फास्ट चार्जिंग
फोन की सबसे बड़ी खूबियों में इसका स्लिम डिजाइन और बड़ी बैटरी का कॉम्बिनेशन शामिल है। महज 6.39mm मोटाई वाले इस फोन में 6,000mAh बैटरी दी गई है।
यह बैटरी 45W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। कंपनी का दावा है कि बैटरी को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह करीब पांच साल तक बेहतर ड्यूरेबिलिटी दे सके।
कनेक्टिविटी और सेंसर
कनेक्टिविटी के लिए फोन में 5G, 4G LTE, डुअल-बैंड Wi-Fi, Bluetooth, USB Type-C, NFC और GPS जैसे विकल्प दिए गए हैं।
इसके अलावा स्मार्टफोन में जियोमैग्नेटिक सेंसर, A+G सेंसर, एम्बिएंट लाइट सेंसर, IR ब्लास्टर और ई-कम्पास जैसे सेंसर भी मिलते हैं।
Tecno Camon Slim 5G का कुल डायमेंशन 162.58 x 77.27 x 6.39mm है। कीमत और बिक्री की तारीख की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद फोन की बाजार में स्थिति और स्पष्ट होगी।