Meta Pixel

ईस्ट जोन तीसरी बार दलीप ट्रॉफी चैंपियन, फाइनल ड्रॉ के बाद पहली पारी की बढ़त से जीता खिताब; ईशान किशन का दोहरा शतक

Spread the love

चेन्नई। ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। चेन्नई में खेले गए फाइनल मुकाबले में ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच मैच ड्रॉ रहा, लेकिन पहली पारी में मिली बड़ी बढ़त के आधार पर ईस्ट जोन को विजेता घोषित किया गया। कप्तान ईशान किशन के शानदार 270 रन की बदौलत ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ईशान किशन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

14 साल बाद ईस्ट जोन ने फिर जीती ट्रॉफी

दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन का यह तीसरा खिताब है। इससे पहले टीम ने 2011-12 और 2012-13 में ट्रॉफी पर कब्जा किया था।

2011-12 के फाइनल में ईस्ट जोन ने सेंट्रल जोन को पारी और 20 रन से हराकर खिताब जीता था। वहीं 2012-13 का फाइनल मुकाबला ड्रॉ रहा था और पहली पारी में बढ़त के आधार पर ईस्ट जोन को चैंपियन घोषित किया गया था।

इसके बाद अब टीम ने 14 साल के लंबे अंतराल के बाद तीसरी बार दलीप ट्रॉफी अपने नाम की है।

दूसरी पारी में भी ईस्ट जोन के बल्लेबाजों ने संभाली पारी

ईस्ट जोन की दूसरी पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। महज 13 रन के स्कोर पर टीम ने अभिमन्यु ईश्वरन और वैभव सूर्यवंशी के विकेट गंवा दिए।

इसके बाद शिखर मोहन ने 52 रन और कप्तान ईशान किशन ने 80 रन बनाकर पारी को स्थिरता दी। कुमार कुशाग्र ने भी 46 रन का योगदान दिया। आगे अनुकूल राय ने 64 रन बनाए, जबकि एमडी कौनैन कुरैशी ने नाबाद 116 रन की शानदार पारी खेली।

पहली पारी में ईशान ने ठोका 270 रन का दोहरा शतक

इससे पहले ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रन का विशाल स्कोर बनाया था। टीम की बल्लेबाजी के केंद्र में कप्तान ईशान किशन रहे, जिन्होंने शानदार 270 रन की पारी खेली।

उनके अलावा कुमार कुशाग्र ने 101 रन, शिखर मोहन ने 85 रन और अभिमन्यु ईश्वरन ने 72 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी ने भी 44 रन का योगदान दिया।

ईस्ट जोन की इस बड़ी पारी ने मैच में टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई, जो अंत में खिताब जीतने में सबसे अहम साबित हुई।

336 रन पर सिमटी साउथ जोन की पहली पारी

ईस्ट जोन के 708 रन के जवाब में साउथ जोन की टीम अपनी पहली पारी में 336 रन पर ऑलआउट हो गई।

साउथ जोन की ओर से कप्तान तिलक वर्मा ने 99 रन की शानदार पारी खेली और शतक से महज एक रन से चूक गए। देवदत्त पडिक्कल ने 62 रन, चामा मिलिंद ने 43 रन और नारायण जगदीशन ने 32 रन बनाए।

ईस्ट जोन की ओर से मुकेश कुमार ने 3 विकेट, जबकि मोहम्मद शमी ने 2 विकेट अपने नाम किए।

दलीप ट्रॉफी 2026 में ईशान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

ईशान किशन का बल्ला पूरे टूर्नामेंट में जमकर चला। दलीप ट्रॉफी 2026 में वह अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 3 मैचों में 409 रन बनाए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 270 रन रहा।

रन बनाने के मामले में साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा 266 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि ईस्ट जोन के कुमार कुशाग्र 224 रन के साथ तीसरे नंबर पर हैं।

वेस्ट जोन अब भी सबसे सफल टीम

दलीप ट्रॉफी के इतिहास में वेस्ट जोन सबसे सफल टीम बनी हुई है। वेस्ट जोन ने अब तक कुल 19 बार खिताब जीता है।

वहीं नॉर्थ जोन 18 ट्रॉफियों के साथ दूसरे और साउथ जोन 14 खिताब के साथ तीसरे स्थान पर है। साउथ जोन के खाते में शामिल 14 खिताबों में से 2 बार ट्रॉफी साझा की गई थी।

ईस्ट जोन की इस जीत के साथ टूर्नामेंट के इतिहास में उसकी ट्रॉफी संख्या तीन हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *