बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कब्रिस्तान के भीतर मारपीट का एक मामला सामने आया है। यहां झाड़फूंक और आयुर्वेदिक दवा देने वाले एक बाबा को ग्रामीणों ने तांत्रिक क्रिया करने के संदेह में जमकर पीट दिया। बताया जा रहा है कि घटना के समय बाबा अपने कुछ साथियों के साथ कब्रिस्तान में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे ग्रामीणों ने तीन लोगों को देखकर अन्य लोगों को भी बुला लिया और मारपीट शुरू कर दी।
हमले में बाबा शिवराम साहू के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि उनके हाथ की हड्डी भी टूट गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। घायल के बेटे संस्कार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कब्रिस्तान में साथियों के साथ बैठकर पी रहे थे शराब
कोनी थाना प्रभारी जितेंद्र गुप्ता के मुताबिक, कोनी के देवनगर में रहने वाले शिवराम साहू कब्रिस्तान के पास रहते हैं। वे गांव में झाड़फूंक करने के साथ आयुर्वेदिक दवाएं भी देते हैं।
शिवराम के बेटे संस्कार ने पुलिस को बताया कि 31 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे गांव का रहने वाला चंदू भार्गव उनके घर पहुंचा था। वह शिवराम को अपने साथ कब्रिस्तान ले गया। वहां चंदू, भागवत, दद्दू और रवि के साथ बैठकर शराब पी जा रही थी। शराब पीने के बाद रवि वहां से चला गया।
तांत्रिक क्रिया करने का आरोप लगाकर शुरू कर दी मारपीट
बताया गया है कि कुछ देर बाद गांव के राजा यादव, उमेश ठाकुर और रवि वहां पहुंचे। उन्होंने शिवराम पर तांत्रिक क्रिया करने का आरोप लगाया और विवाद के बाद मारपीट शुरू कर दी।
हमले में शिवराम को गंभीर चोटें आईं। उनके सिर में चोट लगी और हाथ की हड्डी टूट गई। वहीं, मारपीट शुरू होते ही उनके साथ मौजूद अन्य लोग मौके से भाग निकले।
घटना के बाद शिवराम के बेटे संस्कार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
इस घटना का एक वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग कथित तांत्रिक और उसके साथी के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान गाली-गलौज भी की जा रही है। वीडियो में एक महिला भी बाबा और उसके साथियों को अपशब्द कहती नजर आ रही है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई। इस दौरान घायल शिवराम के परिजन अस्पताल में मौजूद थे। पूछताछ और शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस जुटा रही आरोपियों और घटना से जुड़ी जानकारी
कोनी पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस पूछताछ के जरिए घटना में शामिल लोगों और मारपीट के पीछे की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।
कब्रिस्तान में नशा करने और तांत्रिक क्रिया के संदेह में मारपीट की यह घटना अब इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।