Meta Pixel

बैटरी ट्राइसायकल ने बदली दिनेश की जिंदगी

Spread the love

दुर्ग, 29 सितंबर 2026/ जिले के नगर पालिक निगम रिसाली क्षेत्र अंतर्गत आने वाले आमा कुऑ चौक, पुरेना के रहने वाले दिनेश साहू का जीवन संघर्ष और अदम्य साहस की एक मिसाल है। दोनों पैरों से 80 प्रतिशत दिव्यांग होने के बावजूद, दिनेश ने कभी अपनी परिस्थितियों के आगे घुटने नहीं टेके। वे अपने और अपने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए एक प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनके इरादे जितने बुलंद थे, राह उतनी ही कठिन थी। रोज काम पर आने-जाने में उन्हें भारी शारीरिक कठिनाइयों और मानसिक पीड़ा का सामना करना पड़ता था। सफर का हर एक कदम उनके लिए एक चुनौती जैसा था, लेकिन वे हिम्मत हारने वालों में से नहीं थे।
इसी बीच दिनेश को समाज कल्याण विभाग की उस योजना के बारे में जानकारी मिली, जिसके तहत दिव्यांगजनों को उनकी दिव्यांगता के आधार पर आवश्यक सहायक उपकरण प्रदान किए जाते हैं। उम्मीद की एक नई किरण देखते हुए उन्होंने बिना देर किए समाज कल्याण विभाग जिला दुर्ग से संपर्क किया। विभाग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह दिन भी आया जिसने दिनेश के जीवन की राह ही बदल दी। ’सुशासन तिहार’ के अवसर पर आयोजित एक विशेष शिविर में ग्रामीण विधायक श्री ललित चन्द्राकर के करकमलों से दिनेश साहू को बैटरी चलित ट्राइसायकल प्रदान किया गया। वह पल दिनेश के लिए केवल एक वाहन प्राप्त करने का नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता का नया पंख पाने जैसा था। बैटरी चलित ट्राइसायकल मिलने के बाद से अब उन्हें अपने काम पर आने-जाने में किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। सफर अब तकलीफदेह नहीं, बल्कि सुलभ और सहज हो गया है।
आज दिनेश साहू बेहद खुश और आत्म-संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि जब सरकारी योजनाएं और प्रशासनिक संवेदनशीलता सही समय पर जरूरतमंदों तक पहुँचती हैं, तो वे जीवन में सकारात्मक बदलाव लाती हैं। वे अपनी इस नई आजादी और सुविधा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और समाज कल्याण विभाग का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *