दुर्ग, 29 सितंबर 2026/ आय प्रमाण पत्र एक अत्यंत महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेज है, जिसकी आवश्यकता नागरिकों को कई आवश्यक सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पड़ती है। चाहे छात्रों के लिए छात्रवृत्ति का आवेदन करना हो, शासकीय योजनाओं और सब्सिडी का लाभ उठाना हो, अस्पतालों में रियायती इलाज की सुविधा लेनी हो या शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश पाना हो। आय प्रमाण पत्र हर जगह प्राथमिक आधार के रूप में मांगा जाता है।
भिलाई-3 निवासी राहुल कुमार रसिया को भी अपने ऐसे ही एक महत्वपूर्ण कार्य के लिए आय प्रमाण पत्र की तत्काल आवश्यकता थी। 21 सितंबर 2026 को राहुल ने सेवा सेतु केंद्र पहुंचकर अपना आवेदन प्रस्तुत किया। वहाँ मौजूद सेवा सेतु प्रबंधक ने पूरी प्रक्रिया में उनका मार्गदर्शन किया और आवेदन को तुरंत दर्ज किया। ई-गवर्नेंस और सुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण तब देखने को मिला जब उसी दिन 21 सितंबर 2026 को आय प्रमाण पत्र स्वीकृत होकर अनुमोदित भी हो गया।
एक ही दिन में बिना किसी परेशानी के प्रमाण पत्र प्राप्त होने पर राहुल कुमार रसिया ने अत्यंत खुशी व्यक्त की। राहुल ने कहा सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से आम जनता को बिना किसी भटकाव के समय पर सेवाएं प्राप्त हो रही है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन व सेवा सेतु केंद्र प्रबंधक का हृदय से धन्यवाद दिया।