Meta Pixel

Bilaspur Murder: गणेश पंडाल में DJ की आवाज बढ़ाने को लेकर विवाद, युवक के सीने में चाकू घोंपकर हत्या

Spread the love

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में गणेश उत्सव के दौरान DJ साउंड बढ़ाने को लेकर हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी में गणेश पंडाल के पास एक युवक ने दूसरे युवक के सीने पर चाकू से लगातार 4 से 5 वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान आकाश सूर्यवंशी (22) के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने मामले में अमन सूर्यवंशी (23) को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद भी आरोपी चाकू लेकर पंडाल के आसपास घूमता रहा। पुलिस उससे पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

DJ साउंड को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, सोमवार 14 सितंबर की शाम ग्राम संबलपुरी में राशन दुकान के सामने गणेश पंडाल बनाया गया था। इसी पंडाल के पास अमन सूर्यवंशी और आकाश सूर्यवंशी मौजूद थे। इसी दौरान DJ साउंड की आवाज बढ़ाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच झगड़ा होने लगा। इसी दौरान अमन ने अपने पास रखे चाकू से आकाश पर हमला कर दिया।

सीने पर चाकू से किए 4 से 5 वार

आरोप है कि अमन ने आकाश के सीने पर लगातार 4 से 5 बार चाकू घोंपा। हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा। अचानक हुई इस वारदात से गणेश पंडाल के आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

घटना की सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी अमन सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पूछताछ में DJ साउंड को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस अब हत्या की पूरी वजह, वारदात में इस्तेमाल चाकू और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए हैं। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्च्यूरी में रखा गया है। मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

नशे का आदी बताया जा रहा आरोपी

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अमन सूर्यवंशी नशे का आदी बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, उसके परिजन उसे पहले भी कई बार नशामुक्ति केंद्र भेज चुके हैं। वह करीब दो से तीन साल तक नशामुक्ति केंद्र में रह चुका है, लेकिन इसके बावजूद उसकी नशे की लत नहीं छूटी।

CSP सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि आरोपी के परिजन उसे नशा छुड़ाने के लिए पहले भी कई बार नशामुक्ति केंद्र भेज चुके हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

मृतक और आरोपी की पहचान

  • मृतक: आकाश सूर्यवंशी, उम्र 22 वर्ष, पिता अंशु सूर्यवंशी
  • आरोपी: अमन सूर्यवंशी, उम्र 23 वर्ष, पिता प्रहलाद सूर्यवंशी

गणेश पंडाल के पास हुई इस हत्या की वारदात के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

आरोपी ने आकाश के सीने पर चाकू से लगातार 4 से 5 वार किए।

आरोपी ने आकाश के सीने पर चाकू से लगातार 4 से 5 वार किए।

सिम्स अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।

सिम्स अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।

आरोपी अमन सूर्यवंशी नशे का आदी था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। (फाइल फोटो)

आरोपी अमन सूर्यवंशी नशे का आदी था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। (फाइल फोटो)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *