दुर्ग, 29 सितंबर 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पारस पोर्टल के अंतर्गत सभी जिलों के कलेक्टरों के साथ समीक्षा बैठक की। कमिश्नर श्री सत्यनारायण राठौर व कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती योगिता देवांगन, श्री हरवंश सिंह मिरी, श्रीमती सिल्ली थॉमस सहित विभागीय अधिकारी एनआईसी कक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े। बैठक में एग्रीस्टैक पंजीयन, डिजिटल क्रॉप सर्वे, पीएम सूर्य घर योजना तथा अधोसंरचना एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने धान विक्रय करने वाले सभी वास्तविक एवं पात्र किसानों का शत-प्रतिशत एग्रीस्टैक पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष पंजीयन से छूटे किसानों को ध्यान में रखते हुए इस बार समय रहते सभी पात्र किसानों का पंजीयन पूरा किया जाए। साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे में धीमी प्रगति वाले जिलों को कार्य में तेजी लाने तथा फसल की स्थिति को ध्यान में रखते हुए पटवारियों के माध्यम से सर्वे का कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत मार्च 2027 तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर जोर दिया। इसके लिए वेंडर्स की संख्या बढ़ाने तथा बैंकों के माध्यम से हितग्राहियों को ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
बैठक में पारस पोर्टल के माध्यम से अधोसंरचना एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने पाटन-गोढ़ीपुर-अमलेश्वर मार्ग पर खारून नदी में निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अमलेश्वर क्षेत्र में प्रभावित 9 भू-स्वामियों एवं परिसंपत्तियों से संबंधित भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से जारी है। इसे 15 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा।