रायपुर। गणेश विसर्जन के अवसर पर रायपुर में सोमवार रात भव्य झांकियों का आयोजन हुआ। शारदा चौक से महादेवघाट तक निकली विसर्जन झांकी देखने के लिए जयस्तंभ चौक समेत शहर के प्रमुख इलाकों में देर रात तक भारी भीड़ जुटी रही। अलग-अलग झांकियों में धार्मिक और पौराणिक प्रसंगों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया।
नाग-गरुड़ युद्ध से लेकर यमलोक तक की झांकियां
विसर्जन झांकी में वासुकी नाग और गरुड़ के युद्ध की थीम लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। एक अन्य झांकी में यमलोक में रावण के हमले का दृश्य दिखाया गया। वहीं भगवान श्रीकृष्ण को गरुड़ का घमंड तोड़ते हुए भी प्रदर्शित किया गया।
भगवान जगन्नाथ, भगवान गणेश और उनके परिवार समेत कई धार्मिक प्रसंगों पर आधारित झांकियां भी निकाली गईं। बड़ी संख्या में लोग झांकियों की तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए।
भीड़ में फंसी एंबुलेंस, पुलिस ने निकाला बाहर
झांकी मार्ग पर रातभर लोगों की भारी भीड़ के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा। इसी दौरान एक एंबुलेंस भी भीड़ के बीच फंस गई। पुलिस की मदद से रास्ता खुलवाकर एंबुलेंस को बाहर निकाला गया।
दुर्ग से आई एक महिला भी भीड़ के बीच अपने परिवार से बिछड़ गई थी। पुलिस सहायता केंद्र की टीम ने महिला की मदद की और उसे परिवार से मिलाने की कोशिश की।
तेज DJ के कंपन से दुकान का छज्जा गिरा
रायपुर के एमजी रोड पर मंजू ममता रेस्टोरेंट के पास तेज DJ और धुमाल की आवाज के बीच एक दुकान के छज्जे का हिस्सा गिर गया। बताया गया कि तेज आवाज और कंपन के दौरान यह हिस्सा नीचे गिरा। राहत की बात रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में तेज DJ बजने के दौरान बड़ी संख्या में लोग नाचते दिखाई दे रहे हैं, जबकि पुलिसकर्मी उन्हें नियंत्रित करने की कोशिश करते नजर आते हैं। एक व्यक्ति द्वारा तेज आवाज को लेकर शिकायत किए जाने की बात भी सामने आई है।
फिल्मी गानों पर भी जमकर डांस
विसर्जन जुलूस के दौरान कई समितियों के DJ और साउंड सिस्टम पर फिल्मी गाने बजते भी नजर आए। तेज आवाज के बीच बड़ी संख्या में लोग सड़क पर नाचते रहे। पुलिस की ओर से DJ की आवाज और साउंड सिस्टम को लेकर निर्धारित नियमों का पालन कराने की कोशिश की गई।
ड्रोन और CCTV से निगरानी
झांकी मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए सभी तरह के वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रखी गई थी। ट्रैफिक पुलिस ने पहले ही रूट डायवर्जन और यातायात संबंधी एडवाइजरी जारी की थी।
पूरे आयोजन के दौरान ड्रोन और CCTV कैमरों के जरिए निगरानी की गई। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस की टीमों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया था।
चेकिंग में शराब की बोतलें जब्त
झांकी मार्ग पर पुलिस की चेकिंग के दौरान तेलघानी नाका से शारदा चौक के बीच बड़ी संख्या में कच्ची और देशी शराब की बोतलें जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी।
कुल मिलाकर रायपुर की गणेश विसर्जन झांकी में जहां भव्य धार्मिक झांकियों और भारी जनभागीदारी ने आकर्षण बढ़ाया, वहीं भीड़, तेज DJ, यातायात और सुरक्षा से जुड़े कई मामले भी सामने आए।

ड्रोन फोटो वीडियो और झांकी की तस्वीर – फोटो जर्नलिस्ट सुधीर सागर नें ली है।

जयस्तंभ चौक पर रातभर लोगों की भारी भीड़ रही।

जयस्तंभ चौक से झांकी महादेवघाट के लिए निकली।

झांकी भगवान श्रीकृष्ण, ब्रह्मा और गरूड़ को दिखाया गया।

झांकी में भगवान श्रीकृष्ण को हाथी की सवारी करते हुए दिखाया गया।

झांकियों की फोटो खींचते रहे लोग।

झांकी में गणेश जी के बीच उनके परिवार और श्रीकृष्ण को दिखाया गया।

भगवान जगन्नाथ की थीम पर निकली झांकी।

पुलिस समझाती रही तेज डीजे की आवाज में लोग झूमते रहे।

तेज डीजे की आवाज में लोग थिरकते रहे।

झांकी देखने रातभर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।

तस्वीर उस समय की है जब झांकी जयस्तंभ चौक के पास पहुंची थी।

तेज डीजे-धुमाल की आवाज और वाइब्रेशन के बीच MG रोड पर मंजू ममता रेस्टोरेंट के पास स्थित एक दुकान के छज्जे का हिस्सा गिर गया।

वासुकी नाग और गरुड़ के बीच युद्ध की थीम पर झांकी।

एक झांकी में यमलोक में रावण के हमले को दिखाया गया।

झांकी देखने जयस्तंभ चौक पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है

परिवार से बिछड़ी महिला को समझाते हुए डीसीपी अर्चना झा।

झांकी के दौरान रायपुर शहर का ड्रोन का वीडियो।

चेकिंग के दौरान बड़ी संख्या में कड़े और देशी शराब की बोतलें जब्त किए गए।