Meta Pixel

रायपुर में क्रेडिट कार्ड के नाम पर ₹2.20 लाख की साइबर ठगी, Instagram विज्ञापन से फंसाया; फर्जी KYC लिंक से निकाले पैसे

Spread the love

रायपुर। राजधानी रायपुर में क्रेडिट कार्ड बनवाने का ऑफर सोशल मीडिया पर देखकर आवेदन करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने बैंक कर्मचारी बनकर एक व्यक्ति से संपर्क किया और फर्जी KYC के नाम पर लिंक भेजकर उसके क्रेडिट कार्ड से ₹2.20 लाख निकाल लिए।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Instagram पर देखा था क्रेडिट कार्ड का ऑफर

पुलिस के मुताबिक, ढेबर सिटी, भाठागांव निवासी विनोद कुमार (47) ने 23 सितंबर को Instagram पर ICICI बैंक के क्रेडिट कार्ड का विज्ञापन देखा था।

ऑफर पसंद आने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन किया। अगले ही दिन 24 सितंबर की सुबह करीब 10:30 बजे उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया।

कॉल करने वाले ने खुद को ICICI बैंक का कर्मचारी बताया और क्रेडिट कार्ड आवेदन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के नाम पर विनोद से उनके पुराने क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी मांगी।

Video KYC के नाम पर भेजा फर्जी लिंक

इसके बाद कथित बैंक कर्मचारी ने कहा कि कार्ड जारी करने के लिए Video KYC पूरी करनी होगी। आरोपी ने WhatsApp पर एक लिंक भेजा और उस पर जाकर जरूरी जानकारी भरने को कहा।

बैंक कर्मचारी समझकर विनोद ने लिंक खोल दिया और उसमें मांगी गई जानकारी दर्ज कर दी।

कुछ ही देर बाद उनके PNB क्रेडिट कार्ड से लगातार तीन ट्रांजेक्शन हुए। तीनों लेन-देन के जरिए कुल ₹2.20 लाख निकाल लिए गए।

मोबाइल पर रकम कटने के मैसेज आने के बाद विनोद को साइबर ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने पुरानी बस्ती थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

बैंक कर्मचारी बनकर बना रहे निशाना

पुलिस के अनुसार, साइबर ठग अब सोशल मीडिया पर बैंक और क्रेडिट कार्ड के आकर्षक ऑफर का विज्ञापन देकर लोगों को निशाना बना रहे हैं।

जैसे ही कोई व्यक्ति ऑफर देखकर आवेदन करता है, ठग बैंक कर्मचारी बनकर फोन करते हैं। इसके बाद KYC, कार्ड एक्टिवेशन या क्रेडिट लिमिट बढ़ाने जैसे बहाने बनाकर फर्जी लिंक भेजे जाते हैं।

लिंक के जरिए कार्ड संबंधी संवेदनशील जानकारी हासिल करने के बाद ठग खाते या कार्ड से रकम निकाल लेते हैं।

पुलिस ने लोगों को किया अलर्ट

पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाले किसी भी क्रेडिट कार्ड ऑफर की जानकारी पहले बैंक की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से सत्यापित करें।

किसी अनजान व्यक्ति के भेजे लिंक पर क्लिक न करें और कार्ड नंबर, CVV, OTP, PIN या अन्य बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *