अंतागढ़ – अंतागढ़ में पिछले 48 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इंटरनेट की सेवाएं पूरी तरीके से ठप हो गया है। लगातार बारिश के चलते इलाके के नदी-नाले उफान पर हैं, कई रास्तों पर पानी भर गया है और आवागमन प्रभावित हो गया है।
कई गांवों का संपर्क ब्लाक मु,यालय से कटा
चारगांव-मेटाबोदेली इलाके में हालात ऐसे हैं कि, नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है और ब्लॉक मुख्यालय अंतागढ़ से संपर्क प्रभावित हो गया है। वहीं अंतागढ़ से नारायणपुर निर्माणाधीन सड़क भी बारिश के बाद परेशानी का सबब बन गई हैं। सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढों के चलते लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नदी- नालों के पास ना जाने की हिदायत
बारिश की स्थिति को देखते हुए कांकेर जिला शिक्षा अधिकारी ने बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अवकाश घोषित किया है। फिलहाल बारिश का दौर जारी है और नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है। ऐसे में प्रशासन की ओर से लोगों से उफनते नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार नहीं करने की अपील की जा रही है। अब देखना होगा कि बारिश थमने के बाद प्रभावित सड़कों और संपर्क मार्गों को बहाल करने के लिए प्रशासन कितनी तेजी से कदम उठाता है।