सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग में पुनर्निर्मित बैटरी क्रमांक-8 से 28 अक्टूबर 2026 को प्रथम कोक पुशिंग सफलतापूर्वक की गई। इसके साथ ही बैटरी के पुनर्निर्माण के पश्चात कोक उत्पादन प्रक्रिया की पुनः शुरुआत की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई।
इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक प्रभारी एवं कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए. के. चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री पी. के. सरकार, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (खदान) श्री कमल भास्कर, मुख्य महाप्रबंधक (कोक ओवन एवं कोल केमिकल) श्री तुलाराम बेहेरा तथा मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनाएं) श्री सजीव वर्गीस सहित संयंत्र के अन्य मुख्य महाप्रबंधकगण एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पुनर्निर्मित बैटरी क्रमांक-8 में पर्यावरण अनुकूल तकनीकी उपायों को शामिल किया गया है, जिसके अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा दक्षता एवं जल संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी गई है। गैस उत्सर्जन को न्यूनतम करने के उद्देश्य से जीरो लीकेज डोर लगाए गए हैं, वहीं गैस मिक्सिंग स्टेशन के माध्यम से ऊर्जा खपत के प्रबंधन तथा न्यूमेटिक सील्ड कैप्स के उपयोग से जल खपत को नियंत्रित किया जा सकेगा।
बैटरी क्रमांक-8 से प्रथम कोक पुशिंग की सफलता भिलाई इस्पात संयंत्र में कोक ओवन सुविधाओं के पुनर्निर्माण एवं आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा दक्षता एवं संसाधनों के बेहतर उपयोग पर केंद्रित प्रयास संयंत्र में सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल उत्पादन प्रणाली को बढ़ावा देने में सहायक होंगे।