सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विद्यालयों के विजेता एवं पदक प्राप्त विद्यार्थियों के सम्मान में भिलाई निवास में खेल प्रतिभा सम्मान समारोह 2025-2026 का आयोजन कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर संयंत्र के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगीत से हुआ। सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया तथा अतिथियों का पौधे भेंट कर स्वागत किया। महाप्रबंधक (शिक्षा) सुश्री शिखा दुबे ने स्वागत भाषण में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक दृढ़ता, अनुशासन एवं सामुदायिक भावना के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्य अतिथि श्री पवन कुमार ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं तथा शिक्षा विभाग के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने विद्यालयों, भिलाई इस्पात संयंत्र एवं प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लगन के साथ उत्कृष्टता के नए शिखर प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खेलों को टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं उत्तम स्वास्थ्य के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
महाप्रबंधक प्रभारी (नगर सेवाएं एवं सीएसआर) श्री ए.बी. श्रीनिवास ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए खेल समन्वयकों, विद्यालय प्रमुखों एवं खेल शिक्षकों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता उनके कठोर प्रशिक्षण, अथक परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ-साथ शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है।
पूर्व ओलंपिक खिलाड़ी एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित उप महाप्रबंधक (एस.सी. एवं सी.ए.) श्री राजेन्द्र प्रसाद ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन की चुनौतियों का सामना करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान स्थापित करने का सशक्त माध्यम हैं।
सत्र 2025-2026 के दौरान लगभग 150 विद्यार्थियों ने ब्लॉक, जिला, संभाग, प्रादेशिक, राष्ट्रीय शालेय एवं खुली राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनेक पदक अपने नाम किए। राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने 5 स्वर्ण, 3 रजत एवं 1 कांस्य पदक सहित कुल 9 पदक अर्जित किए। वहीं, खुली राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में 4 स्वर्ण एवं 3 कांस्य पदक जीतकर कुल 7 पदक हासिल किए।
राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में 9 खिलाड़ियों ने सहभागिता की तथा 3 स्वर्ण, 1 रजत एवं 1 कांस्य पदक सहित कुल 5 पदक जीते। खुली राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में भी 9 खिलाड़ियों ने सहभागिता की। इसके अतिरिक्त, खुली राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 स्वर्ण, 2 रजत एवं 1 कांस्य पदक सहित कुल 8 पदक अपने नाम किए।
सेल स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित मैराथन दौड़ में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया तथा द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी उपलब्धियों में एक और उपलब्धि जोड़ी।
खिलाड़ियों के चयन, प्रशिक्षण एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में सहभागिता सुनिश्चित करने में योगदान देने वाले क्रीड़ा समन्वयकों तथा संयंत्र द्वारा संचालित विद्यालयों के खेल प्रभारी शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान भिलाई विद्यालय, सेक्टर-2 की छात्रा कुमारी सृष्टि साव तथा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-7 की छात्रा सृष्टि मिश्रा ने भाषण की प्रस्तुति दी। सेक्टर-7 के विद्यार्थियों ने आकर्षक योग प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 की प्राचार्या सुश्री सुमिता सरकार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता (भिलाई विद्यालय, सेक्टर-2) सुश्री सुनीता अनिल वासुदेवन तथा वरिष्ठ शिक्षिका (इंग्लिश मीडियम माध्यमिक शाला, सेक्टर-9) सुश्री महुवा चटर्जी ने किया। समारोह को सफल बनाने में शिक्षा विभाग सहित भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा संचालित सभी विद्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।