राजनांदगांव। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बोरतलाव पुलिस ने डोंगरगढ़-महाराष्ट्र मार्ग पर कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने एक अल्टो कार से 10 किलो 543 ग्राम गांजा बरामद किया। मामले में दो वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत अपचारी बालकों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि एक ग्रे रंग की अल्टो कार में चार लोग बड़ी मात्रा में गांजा लेकर डोंगरगढ़-बोरतलाव मार्ग से महाराष्ट्र की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर बोरतलाव पुलिस ने डोंगरगढ़-महाराष्ट्र रोड पर गोविंद लिल्हारे की किराना दुकान के पास नाकेबंदी की।
मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए की कार को रोककर तलाशी लेने पर पुलिस को कार की बीच वाली सीट के नीचे और सीट के पीछे बनाए गए चेंबर से गांजे के 10 पैकेट मिले। जांच के दौरान बरामद गांजे का कुल वजन 10 किलो 543 ग्राम निकला।
पुलिस ने मामले में रोशनलाल बर्मन, उम्र 54 वर्ष, निवासी जबलपुर और कृष्णदास बैरागी, उम्र 55 वर्ष, निवासी जबलपुर को गिरफ्तार किया है। इनके साथ मौजूद दो विधि से संघर्षरत अपचारी बालकों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही करीब 2 लाख रुपये कीमत की अल्टो कार, 20 हजार रुपये का मोबाइल फोन और 3 हजार 40 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, पूरी जब्ती की कुल अनुमानित कीमत 3 लाख 28 हजार 40 रुपये है।
मामले में बोरतलाव पुलिस ने NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है और सूचना मिलने पर ऐसे मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी।