Meta Pixel

सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत रावघाट में ग्राम सभा एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन

Spread the love

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के सतर्कता विभाग द्वारा खदान विभाग के सहयोग से सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 के अंतर्गत रावघाट खदान क्षेत्र के अंतागढ़ स्थित डीएवी रावघाट इस्पात सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ग्रामसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, इसके उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देने तथा सत्यनिष्ठा एवं निवारक सतर्कता की भावना को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में विद्यालय के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।  

इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (रावघाट) श्री अरुण कुमार तथा मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं एसीवीओ श्री सुनील सिंगल विशेष रूप से उपस्थित रहे।      

कार्यक्रम के प्रारंभ में डीएवी विद्यालय, अंतागढ़ के प्राचार्य श्री गोपीनाथ साहू ने स्वागत उद्बोधन में भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए सभी से अपने दैनिक व्यवहार एवं कार्यप्रणाली में सत्यनिष्ठा अपनाने तथा निवारक सतर्कता के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। इसके पश्चात उपस्थितजनों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। विद्यालय के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ राज्य गीत, स्वागत गीत एवं भाषण की प्रस्तुति दी। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित चित्रकला, प्रश्नोत्तरी, निबंध, नारा लेखन एवं भाषण प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों तथा सत्यनिष्ठा के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया, समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन सीनियर पीआरटी (डीएवी स्कूल) श्री अविनाश काटकर ने किया। इस अवसर पर आसपास के ग्रामों के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।  

उल्लेखनीय है कि डीएवी रावघाट इस्पात सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अंतागढ़ का संचालन भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा किया जाता है। विद्यालय में आसपास के 62 ग्रामों के 650 से अधिक विद्यार्थियों को कक्षा पहली से ग्यारहवीं तक शिक्षा प्रदान की जाती है। विद्यार्थियों को मध्याह्न भोजन तथा बस द्वारा आवागमन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। शिक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं के माध्यम से यह विद्यालय आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। 

कार्यक्रम में महाप्रबंधक (सतर्कता) सुश्री रेनू गुप्ता, उप महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री मोहम्मद नौशाद आलम, उप महाप्रबंधक (रावघाट) श्री योगेश वर्मा एवं श्री अमित मिश्रा, सीनियर विजिलेंस इन्सपेक्टर श्री वी.वी.एस.एस. राव, सेक्शन एसोसिएट (सतर्कता) श्री आर. राजेश एवं श्री कमलेश यादव तथा एडमिनिस्ट्रेटिव एसोसिएट (सतर्कता) श्री श्रीनिवास सहित सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों एवं ग्रामीण समुदाय को भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूक रहने, सत्यनिष्ठा अपनाने तथा समाज में पारदर्शिता और जवाबदेही को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *