Meta Pixel

ब्लास्ट फर्नेस-8 के ठेका श्रमिकों की कार्यकुशलता एवं संसाधन संरक्षण की सराहनीय पहल

Spread the love

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस-8 में कार्यरत ठेका श्रमिकों की टीम को ड्रिल रॉड के पुनरुद्धार के माध्यम से कार्यकुशलता, संसाधनों के बेहतर उपयोग एवं लागत नियंत्रण की दिशा में उल्लेखनीय योगदान के लिए मुख्य महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) श्री विवेक वर्मा द्वारा सम्मानित किया गया। टीम ने मात्र तीन माह में लगभग 334 ड्रिल रॉड को पुनः उपयोग योग्य बनाकर लागत बचत सुनिश्चित की। इस सराहनीय पहल के लिए टीम को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) श्री नवीन तिवारी, महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस-8) श्री मनीष तिवारी, उप महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस-8) सत्यब्रत सुतार, सहायक महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस-8) श्री पुरुषोत्तम मीना सहित कर्मचारीगण उपस्थित उपस्थित रहे।     

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक श्री विवेक वर्मा ने श्रमिकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार कार्यकुशलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग एवं अपव्यय में कमी लाने जैसे प्रयास संयंत्र की परिचालन दक्षता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस बात पर भी विशेष बल दिया कि उत्पादन एवं संसाधन संरक्षण के प्रत्येक प्रयास में सुरक्षा सर्वोपरि रहनी चाहिए तथा सभी कार्य निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं प्रक्रियाओं का पालन करते हुए ही किए जाने चाहिए।

ब्लास्ट फर्नेस में हॉट मेटल उत्पादन के दौरान प्रत्येक टैपिंग में टैप होल खोलने के लिए ड्रिल रॉड का उपयोग किया जाता है। इस प्रक्रिया में ड्रिल रॉड की खपत को कम करने के उद्देश्य से ब्लास्ट फर्नेस-8 के ठेका श्रमिकों की टीम ने सराहनीय पहल करते हुए मात्र तीन माह में लगभग 334 ड्रिल रॉड को पुनः उपयोग योग्य बनाया। टीम के इस प्रयास से ड्रिल रॉड की खपत में उल्लेखनीय कमी आई और संयंत्र को लगभग 20 लाख रुपये की आर्थिक बचत हुई। यह पहल उपलब्ध संसाधनों के अधिकतम उपयोग, कार्यकुशलता तथा लागत नियंत्रण के प्रति श्रमिकों की सजगता को दर्शाती है।

ब्लास्ट फर्नेस-8 के ठेका श्रमिकों की यह पहल सामूहिक प्रयासों, लागत में कमी लाने तथा कार्यप्रणाली में सुधार की दिशा में एक सराहनीय उदाहरण है। कार्यस्थल पर श्रमिकों की सक्रिय भागीदारी एवं सतत सुधार के प्रयासों के माध्यम से उत्पादन प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी तथा संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सकता है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *