Meta Pixel

राजधानी में खौफनाक वारदात : पत्नी और दो मासूम बेटों की चाकू से हत्या, आरोपी पति ने खुद को भी किया घायल

Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दरअसल, माना थाना क्षेत्र में एक पति ने चरित्र पर संदेह के चलते अपनी पत्नी और दो बच्चों पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पत्नी और दोनों बच्चों की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पति ने खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

वारदात के बाद खुद किया आत्महत्या का प्रयास
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 27 सितंबर की रात माना थाना क्षेत्र में हुई। आरोपी की पहचान भुनेश्वर कुमार साहू (34) के रूप में हुई है। वह बालोद जिले के गुंडरदेही तहसील क्षेत्र के सियानमारा बेलौदी का रहने वाला बताया जा रहा है। बताया गया है कि, आरोपी ने घर में इस्तेमाल होने वाले सब्जी काटने के चाकू से अपनी पत्नी और दोनों पुत्रों पर हमला किया। गंभीर चोटों के चलते तीनों की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी चोट पहुंचाकर आत्महत्या का प्रयास किया।

गंभीर हालत में मेकाहारा रेफर
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। खुद को गंभीर रूप से घायल किए जाने के कारण उसे उपचार के लिए मेकाहारा (डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल) रेफर किया गया है।

चरित्र पर संदेह को लेकर विवाद की आशंका
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में वारदात की वजह पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर हुआ विवाद सामने आ रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच अभी जारी है। पुलिस मामले में सभी पहलुओं की विवेचना कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *