बलौदाबाजार सड़क हादसा: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 से 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम दरचुरा के पास अंबिकापुर से रायपुर जा रही यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार कुछ यात्री अंदर ही फंस गए। बचाव दल ने गैस कटर की मदद से बस की बॉडी काटकर घायलों को बाहर निकाला। हादसे में एक यात्री का पैर कटकर अलग हो गया।
ट्रक से पीछे से टकराई बस, तीन लोगों की मौत
यह हादसा सिमगा थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नेशनल हाईवे पर एक ट्रक खराब होने के कारण खड़ा था। ट्रक के पास सुरक्षा के लिए स्टॉपर लगाया गया था। इसी दौरान अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की बस (CG04 NM 0859) ट्रक के पीछे जा भिड़ी। बस में कुल 22 यात्री सवार थे।
दुर्घटना में बस चालक भागीरथी यादव (37), निवासी जशपुर, हेल्पर पवन देवांगन (24) और यात्री समीम मोहम्मद (39), निवासी बलरामपुर, की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
गैस कटर से काटनी पड़ी बस की बॉडी
हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। टक्कर के कारण कुछ यात्री बस के अंदर बुरी तरह फंस गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचे।
फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए गैस कटर और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमगा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
सात गंभीर घायलों को रायपुर किया गया रेफर
सिमगा थाना प्रभारी परिवेश तिवारी के मुताबिक, सड़क पर खड़े ट्रक के पीछे यात्री बस टकराने से यह हादसा हुआ। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और दुर्घटना के समय बस की गति सहित अन्य पहलुओं की जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। एक यात्री का पैर कट मिला।

गैस कटर की मदद से फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।

खड़े ट्रक के पीछे से तेज रफ्तार सवारी बस टकरा गई।