Meta Pixel

बिलासपुर में पंजाब से हेरोइन लाकर बेच रहा था युवक, गिरफ्तार; 2.50 लाख का नशा और 10,500 रुपए नकद जब्त

Spread the love

Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पंजाब से हेरोइन लाकर बेचने की कोशिश कर रहे 32 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी उसलापुर इलाके में ग्राहक तलाश रहा था। ACCU और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 10,500 रुपए नकद भी जब्त किए हैं।

उसलापुर बाजार के आसपास ग्राहक तलाश रहा था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, त्योहारों के मद्देनजर जिले में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उसलापुर बाजार के आसपास एक युवक हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।

सूचना मिलने के बाद ACCU और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान दीपक वालिया के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 11.73 ग्राम हेरोइन और 10,500 रुपए नकद बरामद किए गए।

छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने की थी तैयारी

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पंजाब के अमृतसर से हेरोइन खरीदकर बिलासपुर लाया था। यहां वह नशीले पदार्थ को छोटी-छोटी पुड़िया में बांटकर अधिक कीमत पर बेचने की योजना बना रहा था।

आरोपी मूल रूप से अमृतसर की सुभाष कॉलोनी का रहने वाला है। फिलहाल वह बिलासपुर के उसलापुर स्थित वास्तु शिखर अपार्टमेंट में रह रहा था।

पुलिस खंगाल रही तस्करी नेटवर्क के तार

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हेरोइन की आपूर्ति करने वाले लोग कौन हैं और इस कारोबार में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। इसके अलावा आरोपी के वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने सकरी थाने में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(बी) और 22(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस की जांच का अगला फोकस नशे की सप्लाई चेन और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *