दुर्ग – वार्ड 18 जवाहर नगर में सड़क एवं गार्डन के समीप किए गए पेवर ब्लाक बिछाने का काम चल रहा है। महापौर अलका बाघमार शुक्रवार को निरीक्षण करने पहुंची। इस दौरान उन्होंने कुदाली चलवा कर पेवर ब्लाक की गुणवत्ता परखी और बिछाने की प्रक्रिया में मापदंडों का पालन किया जा रहा है कि नहीं इसे जानने का प्रयास किया। निरीक्षण के बाद महापौर ने पेवर की क्वालिटी और बिछाने के तरीके पर संतोष व्यक्त किया। यह कार्य 15वें वित्त आयोग के मिलेनियम प्लस सिटी मद से स्वीकृत किया गया है। महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में कराए जा रहे प्रत्येक विकास कार्य की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। जनता के लिए स्वीकृत विकास कार्य निर्धारित मापदंडों एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए तथा कार्यों की नियमित रूप से स्थल पर जाकर जांच की जाए, ताकि नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर सुविधाएं मिल सकें। महापौर ने कहा कि शहर के सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। नागरिकों से प्राप्त सुझाव एवं समस्याओं के आधार पर भी आवश्यक कार्यों को चिन्हित कर निराकरण की दिशा में कार्य किया जा रहा है।