रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर छत्तीसगढ़ में भाजपा की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 17 सितंबर को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सेवा अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रम और दीप प्रज्वलन का आयोजन होगा। प्रदेशभर में करीब 40 लाख दीये जलाने का लक्ष्य रखा गया है।
राजधानी रायपुर में होने वाले बड़े कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था की है। शाम के समय कार्यक्रम स्थल के आसपास ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
इस आयोजन को लेकर विपक्ष ने सवाल भी उठाए हैं। PCC चीफ दीपक बैज ने कार्यक्रम को लेकर आलोचना की है। वहीं, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भी दीप जलाने के आयोजन पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस ने इसके विरोध में सभी जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की बात कही है।
रायपुर में 25 लाख दीयों से सजेगा मरीन ड्राइव
राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन सेवा संकल्प अभियान के तहत होगा, जिसमें करीब 25 लाख दीये जलाने की तैयारी है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन शाम 7 बजे प्रस्तावित है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने आसपास के मार्गों के लिए डायवर्जन प्लान जारी किया है। कार्यक्रम स्थल के पास पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।
शाम के समय मरीन ड्राइव और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना है। लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से कार्यक्रम स्थल की ओर वाहन लेकर न जाएं और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
बिलासपुर में पुलिस मैदान में जलेंगे 10 लाख दीप
बिलासपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर पुलिस मैदान में 10 लाख आशीर्वाद के दीप जलाए जाएंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक और भाजपा पदाधिकारी शामिल होंगे।
नगर निगम के अपर आयुक्त खजांची कुम्हार के अनुसार, कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6:15 बजे वंदेमातरम के गायन से होगी। इसके बाद शाम 6:30 बजे से 7 बजे तक दीप प्रज्वलन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों की ओर से ‘सुर संध्या’ की प्रस्तुति भी दी जाएगी। आयोजन को लेकर पुलिस मैदान में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
200 हितग्राहियों को दिए जाएंगे मकान की चाबियां
बिलासपुर के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के 200 पात्र हितग्राहियों को मकानों की चाबियां सौंपी जाएंगी।
इसके अलावा पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण और आयुष्मान कार्ड योजना का लाभ भी सांकेतिक रूप से दिया जाएगा। भाजपा का सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा।
इस एक महीने के दौरान कई तरह के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सेवा की कहानी’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘जल जन सेवा संकल्प’ और ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ शामिल हैं।
स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण जागरूकता और स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे।
भिलाई में बैकुंठधाम पर जलेंगे एक लाख दीप
भिलाई भाजपा जिला इकाई की ओर से 17 सितंबर की शाम 7 बजे बैकुंठधाम में एक लाख दीप जलाए जाएंगे।
भाजपा के अनुसार, यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर किया जा रहा है। इसके साथ ही 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा, जनसंपर्क और जनजागरण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘सेवा चित्र’, ‘सेवा समर्पण’, ‘आंगन का मिलन’, ‘कहानी बदलाव’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘रंगोली राष्ट्र’ जैसे कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
रायगढ़ में घर-घर दीप जलाने की अपील
रायगढ़ भाजपा जिला महामंत्री विकास केडिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर लोगों से अपने-अपने घरों में दीया जलाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देशभर में सेवा और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों, युवाओं और महिलाओं से भी इस अभियान में शामिल होने का आग्रह किया।
विकास केडिया ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों में दीप जलाकर कार्यक्रम में सहभागिता करें।