‘नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भिलाई-दुर्ग (नराकास) के सदस्य संस्थान राइट्स लिमिटेड, मध्य क्षेत्र निरीक्षण कार्यालय, भिलाई के द्वारा आयोजित नराकास स्तरीय ‘चित्र देखें-कविता लिखें प्रतियोगिता’ का पुरस्कार वितरण समारोह भिलाई इस्पात संयंत्र के एक्सपांशन कार्यालय स्थित सभागार में उप महाप्रबंधक (संपर्क व प्रशासन एवं प्रभारी राजभाषा), भिलाई इस्पात संयंत्र तथा सचिव ‘नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भिलाई-दुर्ग, श्री राघवेन्द्र कुमार गर्ग के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर राइट्स लिमिटेड, मध्य क्षेत्र निरीक्षण कार्यालय, भिलाई की ओर से संस्थान प्रमुख श्री एच. एस. नायक, समूह महाप्रबंधक (निरीक्षण), श्री राजीव कुमार आहुजा महाप्रबंधक (निरीक्षण), श्री राकेश श्रीवास्तव, अपर महाप्रबंधक (यांत्रिकी), श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी, उप प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन – राजभाषा), भिलाई इस्पात संयंत्र तथा राइट्स लिमिटेड, मध्य क्षेत्र निरीक्षण कार्यालय, भिलाई के अधिकारी एवं कर्मचारीगण सहित ‘नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भिलाई-दुर्ग के सदस्य संस्थानों के आमंत्रित प्रतिभागीगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
संस्थान प्रमुख एवं समूह महाप्रबंधक (निरीक्षण), राइट्स लिमिटेड, मध्य क्षेत्र निरीक्षण कार्यालय, भिलाई, श्री एच. एस. नायक ने हिंदी को जनमानस की प्रिय भाषा बताते हुए शिक्षा के माध्यम के रूप में इसके व्यापक उपयोग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में मेडिकल एवं इंजीनियरिंग जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की शिक्षा भी हिंदी माध्यम से उपलब्ध होगी, जिससे विद्यार्थी अपनी प्रतिभा एवं क्षमताओं का बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
मुख्य अतिथि श्री राघवेन्द्र कुमार गर्ग ने कहा कि, ‘नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति’ के सदस्य संस्थानों द्वारा आयोजित होने वाले नराकास स्तरीय कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं तथा भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग के दिशा निर्देशों का ही परिणाम है कि ‘नराकास, भिलाई-दुर्ग’ को मध्य क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त होने का क्रम लगातार बना हुआ है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि, राइट्स द्वारा नराकास स्तरीय आयोजनों का क्रम लगातार बना रहेगा। उन्होंने समस्त प्रतिभागियों को बधाइयाँ देते हुए हिंदी में कार्यालयीन कामकाज करने का आह्वान किया।
उप प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन–राजभाषा) श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं तथा रेल निर्माण के विभिन्न चरणों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने में राइट्स के योगदानों का उल्लेख किया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन श्रेय राइट्स टीम को दिया।
प्रतियोगिता के पुरस्कार विजेता इस प्रकार रहे : प्रथम- सुश्री आस्था झा, सहायक, मानव संसाधन, मध्य क्षेत्र निरीक्षण कार्यालय, राइट्स लिमिटेड, भिलाई, द्वितीय- सुश्री दीपमाला उप महाप्रबंधक, सी. एण्ड आई.टी., भिलाई इस्पात संयंत्र, तृतीय- सुश्री रूपल गौतम, कनिष्ठ प्रबंधक, मानव संसाधन, मध्य क्षेत्र निरीक्षण कार्यालय, राइट्स लिमिटेड, भिलाई, सांत्वना पुरस्कार- सुश्री नीना राठौर, महाप्रबंधक, प्रोडक्शन प्लानिंग एण्ड कंट्रोल, भिलाई इस्पात संयंत्र तथा सुश्री रितिका रानी बाग, इंजीनियरिंग एसोसिएट, ऑक्सीजन प्लांट-2, भिलाई इस्पात संयंत्र।