Meta Pixel

स्टील मेल्टिंग शॉप-3 में कन्वर्टर-1 की हुड असेंबली का सफल प्रतिस्थापन

Spread the love

भिलाई इस्पात संयंत्र के स्टील मेल्टिंग शॉप-3 (एसएमएस-3) ने एक महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि हासिल करते हुए कन्वर्टर-1 के गैस कूलिंग सिस्टम की 129 टन वजनी एवं 52.5 मीटर लंबी हुड असेंबली का पहली बार पूर्ण प्रतिस्थापन किया। सीमित कार्यस्थल, ईओटी क्रेन की अनुपलब्धता तथा चुनौतीपूर्ण परिचालन परिस्थितियों के बीच पूरा किया गया यह कार्य संयंत्र की तकनीकी दक्षता, सुनियोजित कार्ययोजना और अंतरविभागीय समन्वय का उल्लेखनीय उदाहरण है।  

इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (एम एंड यू) श्री विजय कुमार बेहरा तथा मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-3) श्री त्रिभुवन बैठा सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने कर्मियों के चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य निष्पादन, तकनीकी दक्षता, अनुशासन, टीम भावना तथा सुरक्षा मानकों के प्रति सजगता की सराहना करते हुए कार्य में योगदान देने वाले श्रमिकों को सम्मानित किया।  साथ ही हुड असेंबली के प्रतिस्थापन कार्य में विशिष्ट योगदान देने वाले सहयोगी संस्थाओं के कर्मियों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति-उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।   

कन्वर्टर-1 के गैस कूलिंग सिस्टम में मूवेबल हुड, फिक्स्ड हुड पार्ट-1 एवं पार्ट-2 तथा डिफ्लेक्शन बेंड पार्ट-1 एवं पार्ट-2 शामिल हैं। उच्च तापमान वाली गैसों, अपघर्षक कणों और निरंतर तापीय दबाव के कारण हुड की ट्यूबों में अत्यधिक घिसाव, मोटाई में कमी, दरारें तथा बार-बार जल रिसाव जैसी समस्याएँ उत्पन्न हो रही थीं। इन समस्याओं के स्थायी समाधान तथा उपकरणों की विश्वसनीयता और परिचालन सुरक्षा को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से संपूर्ण हुड असेंबली का प्रतिस्थापन किया गया। हुड असेंबली के पूर्ण प्रतिस्थापन से कन्वर्टर-1 के गैस कूलिंग सिस्टम की विश्वसनीयता एवं उपलब्धता में सुधार होने तथा परिचालन सुरक्षा को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी। इसके साथ ही, जल रिसाव से उत्पन्न होने वाले संभावित परिचालन जोखिमों और उत्पादन संबंधी व्यवधानों को कम करने में भी यह कार्य सहायक होगा।

मुख्य महाप्रबंधक श्री त्रिभुवन बैठा के मार्गदर्शन में मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, ऑपरेशन, इंस्ट्रूमेंटेशन एवं सुरक्षा विभागों की टीमों ने बेहतर समन्वय और सतत निगरानी के साथ इस चुनौतीपूर्ण कार्य को अंजाम दिया। इस दौरान महाप्रबंधक (मैकेनिकल), एसएमएस-3, श्री अजीत नारायण तथा उप महाप्रबंधक (मैकेनिकल), बीओएफ, श्री राकेश वृष्णवंशी एवं उनकी टीम का योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा।

हुड असेंबली के डिस्मेंटलिंग, इरेक्शन, अलाइनमेंट एवं तथा वेल्डिंग संबंधी कार्यों को व्यवस्थित योजना, चौबीसों घंटे मानव संसाधनों की तैनाती और संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय के माध्यम से पूरा किया गया। इस दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सभी संबंधित टीमों ने सामूहिक रूप से कार्य को सफल बनाने में योगदान दिया।  

कन्वर्टर-1 की हुड असेंबली का यह सफल प्रतिस्थापन भिलाई इस्पात संयंत्र में तकनीकी क्षमता, प्रभावी अंतरविभागीय समन्वय और सुरक्षित कार्यप्रणाली के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस कार्य में संयंत्र के संबंधित विभागों तथा सहयोगी एजेंसी के कर्मियों के समन्वित प्रयासों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *