Meta Pixel

कम नंबर की धमकी देकर छात्रा को भेजा अश्लील वीडियो:प्रोफेसर गिरफ्तार, महासमुंद में प्रिंसिपल ने 9वीं की स्टूडेंट से छेड़छाड़ किया, सस्पेंड

Spread the love

छत्तीसगढ़ के कांकेर कृषि कॉलेज की छात्रा को अश्लील वीडियो भेजने के आरोप में पुलिस ने प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर छात्रा को प्रैक्टिकल में कम नंबर देने की धमकी देकर परेशान करने का भी आरोप है।

छात्रा ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि प्रोफेसर पहले भी उससे अश्लील बातें करता था। 25 सितंबर को उसने टेलीग्राम पर अश्लील वीडियो भेजा था।

वहीं महासमुंद जिले के ग्राम अछोला के सरकारी हाईस्कूल में 9वीं की छात्रा से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया था।

आरोपी प्रभारी प्रिंसिपल और लेक्चरर जीवनलाल देवांगन को सस्पेंड कर दिया गया है। उन पर स्कूल में शराब पीने का आरोप भी है।

तुमगांव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर 10 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था।

केस 1, प्रोफेसर ने टेलीग्राम में भेजा अश्लील वीडियो

पुलिस के अनुसार मंगलवार को कांकेर कृषि कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा ने कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। छात्रा ने बताया कि कॉलेज में पदस्थ प्रोफेसर पीयूष कांत नेताम (49) ने 25 सितंबर को टेलीग्राम में उसे एक वीडियो भेजा।

अश्लील वीडियो होने के कारण छात्रा ने उसे बंद कर दिया। छात्रा ने बताया कि आरोपी पहले भी उससे अश्लील बातें करता था, लेकिन प्रोफेसर होने की वजह से छात्रा पहले आरोपी की हरकतों को नजरअंदाज करती रही।

प्रैक्टिकल में कम नंबर देने की धमकी देता था

इसके बाद आरोपी प्रोफेसर छात्रा को प्रैक्टिकल में कम नंबर देने की धमकी देकर परेशान करता रहा। अश्लील वीडियो भेजने और धमकी से परेशान होकर छात्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया आरोपी

छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ केस दर्ज किया। आरोपी कोंडागांव जिले का रहने वाला है। उसके खिलाफ BNS की धारा 75(2), 75(3), 351(2) और आईटी एक्ट की धारा 67(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *