Meta Pixel

आत्मानंद-स्कूलों में 31 अक्टूबर से 1812 पदों पर भर्ती परीक्षा:गलत जवाब पर 0.25 नंबर कटेंगे;34604 अभ्यर्थी 7 शहरों के 24 केंद्रों पर देंगे परीक्षा

Spread the love

स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 1812 संविदा पदों पर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) 31 अक्टूबर से शुरू होगी। परीक्षा 4 नवंबर तक चलेगी। रायपुर, बिलासपुर समेत प्रदेश के 7 शहरों के 24 केंद्रों पर 34 हजार 604 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

लोक शिक्षण संचालनालय ने परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। परीक्षा हर दिन तीन पालियों में होगी। गलत जवाब देने पर 0.25 अंक कटेंगे। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले केंद्र पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले केंद्र का गेट बंद कर दिया जाएगा।

रायपुर-बिलासपुर में सबसे ज्यादा केंद्र

भर्ती परीक्षा के लिए रायपुर और बिलासपुर में 6-6 केंद्र बनाए गए हैं। दुर्ग और भिलाई में 4-4, जगदलपुर में 2, चांपा और सरगुजा में एक-एक केंद्र निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र और जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी प्रवेश पत्र में दी गई है।

तीन पालियों में होगी परीक्षा

सीबीटी परीक्षा प्रतिदिन तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक और तीसरी पाली शाम 4:30 से 6:30 बजे तक होगी।

100 अंकों का पेपर, गलत जवाब पर कटेंगे 0.25 अंक

हर प्रश्नपत्र में 100 प्रश्न होंगे और कुल 100 अंक निर्धारित हैं। परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी। प्रत्येक सही उत्तर पर एक अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर देने पर एक-चौथाई अंक यानी 0.25 अंक काटे जाएंगे। परीक्षा के बाद मॉडल उत्तर जारी किए जाएंगे।

प्रवेश पत्र के साथ पहचान पत्र जरूरी

लोक शिक्षण संचालनालय ने अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों का पालन करने और निर्धारित समय पर केंद्र पहुंचने की सलाह दी है। परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र में दर्ज केंद्र, परीक्षा की पाली और रिपोर्टिंग समय की जानकारी पहले ही जांच लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *