रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। रायपुर समेत 26 जिलों में शाम से रात के बीच बारिश के साथ अचानक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
मौसम विभाग की ओर से जारी नाउकास्ट के मुताबिक यह चेतावनी शाम 6:20 बजे से रात 9:20 बजे तक के लिए जारी की गई थी। मानसून वापसी की रेखा के रायपुर से होकर गुजरने और ऊपरी हवा में सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण प्रदेश में बारिश के लिए परिस्थितियां बन रही हैं।
इन 26 जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
इन जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और तेज हवा चलने की संभावना है।
रायपुर में शाम और रात को बदल सकता है मौसम
राजधानी रायपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने रायपुर में बुधवार शाम और रात के दौरान बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है।
मंगलवार को प्रदेश का मौसम ज्यादातर इलाकों में शुष्क रहा। हालांकि, मुंगेली और बलरामपुर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों के दौरान भी राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
राजनांदगांव रहा सबसे गर्म, पेंड्रा रोड में सबसे कम तापमान
मंगलवार को छत्तीसगढ़ में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम में इस बदलाव के बीच लोगों को शाम और रात के समय स्थानीय मौसम पर नजर रखने की सलाह दी गई है, खासकर उन इलाकों में जहां गरज-चमक और तेज हवा की संभावना जताई गई है।