फिल्म ‘रामायण’ की रिलीज से ठीक पहले अभिनेता रणबीर कपूर ने सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर हो रही आलोचनाओं पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। भगवान श्रीराम की भूमिका निभाने के लिए रणबीर कपूर के चयन पर उठ रहे सवालों के बीच उन्होंने साफ संदेश दिया कि दूसरों की बातों और नकारात्मक टिप्पणियों से प्रभावित होने के बजाय अपने काम पर ध्यान देना चाहिए।
देशभर के 18 हजार से अधिक छात्रों के साथ ऑनलाइन संवाद के दौरान रणबीर ने किशोर कुमार के मशहूर गीत ‘कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यदि आपकी नीयत साफ है और आप पूरी ईमानदारी से मेहनत कर रहे हैं, तो लोगों के शोर की परवाह किए बिना अपने काम को बोलने देना चाहिए।
दरअसल, निर्देशक नीतेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ की घोषणा के बाद से ही रणबीर कपूर को भगवान राम के किरदार में देखने को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है। कई यूजर्स ने उनकी कास्टिंग पर सवाल उठाए, तो फिल्म के प्रमोशनल कंटेंट सामने आने के बाद भी आलोचनाओं का सिलसिला जारी रहा।
फिल्म के प्रचार के दौरान एक दशहरा कार्यक्रम में रणबीर कपूर की जुबान भी फिसल गई थी। संबोधन के दौरान ‘अच्छाई की जीत’ कहने के बजाय उनके मुंह से गलती से ‘अच्छाई का अंत’ निकल गया था। वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। हालांकि, बाद में रणबीर ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी।
भव्य बजट और आधुनिक तकनीक से तैयार की जा रही ‘रामायण’ की तुलना हॉलीवुड की चर्चित फिल्मों ‘लॉर्ड ऑफ द रिंग्स’ और ‘अवतार’ से की जा रही है। फिल्म में शानदार विजुअल इफेक्ट्स और बड़े पैमाने पर तैयार किए गए सेट्स को लेकर भी काफी चर्चा है।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा सनी देओल, अरुण गोविल, लारा दत्ता, रवि दुबे, विवेक ओबेरॉय और कुणाल कपूर सहित कई चर्चित कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
अब रणबीर कपूर के बयान के बाद सबकी निगाहें फिल्म पर टिकी हैं। सोशल मीडिया की आलोचनाओं के बीच असली परीक्षा पर्दे पर होगी कि रणबीर कपूर भगवान श्रीराम के किरदार में दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतर पाते हैं।