बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर अपने अनोखे अंदाज को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा उनकी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ के नए गाने ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ की हो रही है। सलमान ने बुधवार सुबह करीब 5 बजे इस गाने का टीजर सोशल मीडिया पर साझा कर फैंस को चौंका दिया।
गाना सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। खासकर गाने के बोल को लेकर लोग हैरान हैं। कई यूजर्स का सवाल है कि देशभक्ति और युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म में इस तरह के रोमांटिक और मस्ती भरे गाने को क्यों शामिल किया गया है। वहीं, कुछ प्रशंसकों को सलमान का यह अंदाज पसंद भी आया है।
सुबह 5 बजे गाना रिलीज कर सलमान ने दिया सरप्राइज
आमतौर पर फिल्मों के गाने रिलीज करने के लिए मेकर्स खास समय और प्रमोशनल रणनीति अपनाते हैं, लेकिन सलमान खान ने इस बार अपने ही अंदाज में फैंस को सरप्राइज दिया।
उन्होंने बुधवार सुबह करीब 5 बजे इंस्टाग्राम पर ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ का टीजर शेयर किया। इसके साथ उन्होंने मजेदार कैप्शन भी लिखा।
सलमान ने लिखा, “डिपार्चर टाइम सुबह 5:12 बजे… फ्लाइट टाइम पर है। दो पेग नीचे और अपनी सेक्सी ब्यूटी के साथ उड़ान भर रहा हूं… पता नहीं कहां लैंड करूंगा।”
उनके इस मजाकिया कैप्शन ने भी सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा।
सलमान और चित्रांगदा सिंह की दिखी रोमांटिक केमिस्ट्री
‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ गाना सलमान खान की आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का हिस्सा है। गाने को हिमेश रेशमिया ने कंपोज किया है। इसे सलमान खान और मुस्कान ने अपनी आवाज दी है, जबकि साजिद खान ने अतिरिक्त वोकल्स दिए हैं। गाने के बोल भी साजिद खान ने लिखे हैं।
इसके म्यूजिक वीडियो में सलमान खान के साथ फिल्म की मुख्य अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह नजर आ रही हैं। दोनों के बीच रोमांटिक केमिस्ट्री और मस्ती भरा अंदाज देखने को मिलता है।
यूट्यूब पर गाने के डिस्क्रिप्शन में इसे प्यार, मस्ती और थोड़ी शरारत से भरपूर ट्रैक बताया गया है। इसमें रोमांस और हल्के-फुल्के पलों के साथ दोनों कलाकारों की चुलबुली केमिस्ट्री दिखाई गई है।
देशभक्ति फिल्म में ऐसे गाने पर सोशल मीडिया में सवाल
गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा होने लगी। सबसे ज्यादा सवाल फिल्म की कहानी और गाने के अंदाज को लेकर उठे।
यूजर्स का कहना है कि ‘मातृभूमि’ जैसी गंभीर वॉर ड्रामा फिल्म में पार्टी और रोमांस से भरा यह गाना कितना फिट बैठेगा, यह समझना मुश्किल है।
एक यूजर ने लिखा कि गाना मजेदार है, लेकिन यह समझ नहीं आ रहा कि इसे फिल्म में क्यों रखा गया है। वहीं, दूसरे यूजर ने सवाल उठाया कि देशभक्ति पर आधारित फिल्म में इस तरह के लिरिक्स की क्या जरूरत थी।
गाने के सुबह 5 बजे रिलीज होने पर भी लोगों ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने पूछा कि क्या सलमान ने गलती से गाना पोस्ट कर दिया है या यह उनका खास अंदाज है। वहीं, एक अन्य यूजर ने मजाक में लिखा कि सलमान भाई का स्लीपिंग शेड्यूल उनसे मेल खाता है।
क्या है सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’?
सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का निर्माण सलमा खान ने अपने प्रोडक्शन हाउस सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले किया है। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं। इसमें चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगी।
फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था, लेकिन इसी साल इसका टाइटल बदलकर ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ कर दिया गया।
शुरुआत में फिल्म की कहानी वर्ष 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प पर आधारित बताई गई थी। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाद में दोबारा शूटिंग के दौरान चीन से जुड़े सभी संदर्भ हटा दिए गए।
कब रिलीज होगी सलमान खान की फिल्म?
सलमान खान की इस फिल्म को पहले अप्रैल में रिलीज करने की योजना थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज टाल दी गई। इस बीच फिल्म के बंद होने की खबरें भी सामने आई थीं, जिन्हें मेकर्स ने खारिज कर दिया था।
फिलहाल फिल्म की रिलीज को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बनी हुई है। वहीं, नए गाने ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ ने रिलीज होते ही फिल्म को लेकर नई बहस छेड़ दी है।