छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज दो दिनों में तीन जिलों से भारी मात्रा में गांजा जब्त किया है। कांकेर, केशकाल और जगदलपुर में हुई इन कार्रवाइयों में कुल 884 किलो 410 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 92 लाख रुपए बताई गई है। तस्करी के लिए पिकअप वाहन का इस्तेमाल किया जा रहा था, जबकि बाइक सवार आरोपी आगे चलकर रास्ते की निगरानी और पायलेटिंग कर रहे थे। जगदलपुर में पुलिस ने तीन नाबालिगों समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जगदलपुर में पिकअप से मिला 476 किलो गांजा
5 नवंबर को जगदलपुर के बोधघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 476 किलो 500 ग्राम गांजा जब्त किया। इसकी कीमत करीब 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। तस्करी के दौरान बाइक सवार दो युवक पिकअप वाहन की पायलेटिंग कर रहे थे। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में तीन नाबालिगों सहित कुल सात आरोपियों को पकड़ा गया है।
कांकेर और केशकाल में भी हुई कार्रवाई
जगदलपुर की कार्रवाई से एक दिन पहले पुलिस ने कांकेर और केशकाल में भी गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की थी।
- कांकेर: गढ़िया पहाड़ के पास पुलिस ने गांजे से भरी 70 बोरियां बरामद की थीं। पुलिस को देखकर तस्कर गांजा छोड़कर फरार हो गए।
- केशकाल: यहां एक कार से 407 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इस मामले में राजस्थान के एक युवक को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है।
इन तीनों कार्रवाइयों में कुल 884 किलो 410 ग्राम गांजा जब्त किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर रेलवे फाटक के पास घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, 5 नवंबर की सुबह बोधघाट थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की पिकअप (CG 17 KL 0411) में गांजा भरकर कुछ लोग ओडिशा से कुरंदी होते हुए जगदलपुर की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही एसपी शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। इसके बाद ग्राम अड़ावाल स्थित रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई।
इसी दौरान लाल रंग की बाइक पर सवार दो युवक पिकअप वाहन की पायलेटिंग करते हुए आते दिखाई दिए। उनके पीछे संदिग्ध पिकअप भी पहुंच गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की घेराबंदी के चलते वे पकड़े गए।
15 बोरियों में छिपाकर रखा था 476 किलो गांजा
पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें रखी 15 बोरियों से कुल 476 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, गांजे को छोटे-छोटे बंडलों में पैक कर बोरियों में रखा गया था, ताकि वाहन की चेकिंग के दौरान पुलिस को आसानी से शक न हो। पूछताछ के दौरान आरोपी गांजे के परिवहन और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
ओडिशा के मलकानगिरी के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस ने इस मामले में भगवान पांगी (25), घासी खिलो (21), चित्रसेन गल्लोरी (22), रोहणी गल्लोरी (27) और तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी ओडिशा के मलकानगिरी जिले के कोरकोंडा थाना क्षेत्र के ग्राम कोंटामाड़ी के निवासी हैं।
कार्रवाई के दौरान गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप, बाइक (OD 30 B 6256), छह मोबाइल फोन और 1,500 रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं।
आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर विशेष NDPS न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया है।
ASP सुखनंदन सिंह ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।