Meta Pixel

राजनांदगांव में आज नहीं निकलेगी झांकी : बारिश के चलते गणेश समितियों का फैसला, रायपुर में भी आगे बढ़ेगी विसर्जन की तारीख

Spread the love

राजनांदगांव। शहर में शुक्रवार को हुई भारी बारिश के कारण बहुप्रतीक्षित गणेश विसर्जन झांकियों का आयोजन एक दिन आगे बढ़ा दिया गया है। बारिश और खराब मौसम को देखते हुए 25 सितंबर को प्रस्तावित गणेश विसर्जन झांकियां अब 26 सितंबर को निकाली जाएंगी।

समितयों की बैठक में सर्वसम्मत फैसला 
इसे लेकर शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे शीतला मंदिर परिसर में शहर की गणेश समितियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें मौसम की स्थिति पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से आयोजन एक दिन आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इसके बाद यह भी तय माना जा रहा है कि, रायपुर में गणेश विसर्जन भी एक दिन आगे आगे बढ़ जाएगा।

तैयारियां हो चुकी थीं पूरी
राजनांदगांव में गणेशोत्सव के बाद निकलने वाली भव्य विसर्जन झांकियों को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। झांकियों की सजावट, विद्युत व्यवस्था और कलाकारों की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। शुक्रवार को झांकियां निकलने का इंतजार कर रहे लोगों को सुबह से हो रही तेज बारिश के कारण निराश होना पड़ा। लगातार बारिश के चलते सड़कों पर पानी और फिसलन की स्थिति को देखते हुए समितियों ने झांकियों का आयोजन स्थगित करने का फैसला लिया।

बारिश में झांकियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा बनी वजह
शीतला मंदिर परिसर में हुई बैठक में गणेश समितियों के पदाधिकारियों ने कहा कि भारी बारिश के बीच झांकियां निकालने से श्रद्धालुओं, कलाकारों और झांकी में शामिल लोगों को परेशानी हो सकती है। बारिश के कारण झांकियों की सजावट और विद्युत उपकरणों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। ऐसे में मौसम को देखते हुए आयोजन को एक दिन आगे बढ़ाना उचित माना गया।

कल फिर सजेगा शहर, निकलेगा भव्य कारवां
अब शनिवार 26 सितंबर को गणेश विसर्जन की भव्य झांकियां शहर की सड़कों पर निकलेंगी। इसके लिए गणेश समितियों ने अपनी तैयारियां जारी रखने का निर्णय लिया है। शहरवासियों में भी झांकियों को लेकर खासा उत्साह है। शुक्रवार को बारिश के कारण थमा झांकियों का कारवां अब एक दिन बाद पूरे उत्साह और उल्लास के साथ निकलने की तैयारी में है। आयोजन को लेकर समितियों और प्रशासन के स्तर पर भी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मौसम की स्थिति पर नजर रखते हुए शनिवार को झांकियों के सुचारु और सुरक्षित संचालन की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *