पढ़ाई को सिर्फ किताबों तक सीमित रखने के बजाय कला और संगीत के जरिए भी रोचक बनाया जा सकता है। इससे बच्चे विषयों को आसानी से समझने के साथ सीखने में रुचि भी लेते हैं।
इसी सोच के साथ पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय रायपुर क्रमांक-1 में आयोजित कला एवं संगीत समेकित शिक्षण पर दो दिवसीय संभाग स्तरीय कार्यशाला का समापन हुआ। केंद्रीय विद्यालय संगठन, रायपुर संभाग की ओर से आयोजित इस कार्यशाला में संभाग के अलग-अलग केंद्रीय विद्यालयों से आए 60 कला और संगीत टीचर्स ने हिस्सा लिया।
वर्कशॉप में कला और संगीत को दूसरे विषयों के साथ जोड़कर पढ़ाने के तरीके बताए गए। टीचर्स ने इन तरीकों को केवल समझा ही नहीं, बल्कि अलग-अलग गतिविधियों के जरिए उनका अभ्यास भी किया।इस दौरान टीचर्स ने टू-डी कलाकृतियां बनाईं और मिट्टी से अलग-अलग आकृतियां तैयार कीं।
पेंटिंग के जरिए विषयों को समझाने के तरीके भी सीखे। वहीं, बांसुरी बनाकर उससे धुन निकालने की गतिविधि ने संगीत के व्यावहारिक पक्ष से परिचित कराया। अभिनय के जरिए किसी विषय की जानकारी प्रस्तुत करने का अभ्यास भी कराया गया।