Meta Pixel

अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी, 15 दिन में दूसरी बार आया ईमेल; BSE और बॉम्बे हाईकोर्ट भी निशाने पर

Spread the love

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। धमकी भरे ईमेल में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE), वर्ली रेसकोर्स और बॉम्बे हाईकोर्ट को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल सामने आने के बाद मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। खास बात यह है कि पिछले 15 दिनों में अमिताभ बच्चन के बंगले को निशाना बनाने की यह दूसरी धमकी है।

23 अक्टूबर को भी आया था धमकी भरा ईमेल

इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को एक धमकी भरा ईमेल मिला था। इस ईमेल में अमिताभ बच्चन और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ को जान से मारने की धमकी दी गई थी। साथ ही अमिताभ के बंगले को बम से उड़ाने की बात भी कही गई थी।

ऑपरेशन ब्लू स्टार का बदला लेने की बात

23 अक्टूबर को भेजे गए ईमेल में कथित तौर पर कहा गया था कि 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच कभी भी अमिताभ बच्चन के बंगले को निशाना बनाया जा सकता है। धमकी देने वाले ने इसे वर्ष 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार का बदला बताया था। ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे भी लिखे गए थे।

‘दिलजीत ने अमिताभ के पैर छुए, इसलिए उसे भी मारेंगे’

धमकी भरे ईमेल में दिलजीत दोसांझ का भी जिक्र किया गया था। इसमें कथित तौर पर कहा गया था कि दिलजीत ने अमिताभ बच्चन के पैर छुए थे, इसलिए उन्हें भी निशाना बनाया जाएगा।

ईमेल में 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में दिलजीत पर आत्मघाती हमले की धमकी भी दी गई थी। इसके अलावा 1984 के सिख-विरोधी दंगों का उल्लेख करते हुए धमकी देने वाले ने अपनी मंशा जाहिर की थी।

BMC मुख्यालय में भी हुई थी तलाशी

23 अक्टूबर को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद मुंबई पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की टीमें BMC मुख्यालय पहुंची थीं। मेयर और डिप्टी मेयर के कार्यालयों सहित विभिन्न चैंबर्स की तलाशी ली गई थी।

टाइगर श्रॉफ की कार पर भी हुई थी फायरिंग

मुंबई में सुरक्षा को लेकर चिंता के बीच 18 अक्टूबर को अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना भी सामने आई थी। जानकारी के मुताबिक, टाइगर फुटबॉल खेलने के बाद जुहू इलाके से निकल रहे थे, तभी उनकी कार पर गोलियां चलाई गईं।

इस घटना में टाइगर श्रॉफ को चोट नहीं आई थी, लेकिन उनका ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए थे। मामले में अब तक 12 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है। घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी टाइगर श्रॉफ से मिलने पहुंचे थे।

लगातार सामने आ रही धमकियों और फायरिंग की घटनाओं ने मुंबई में फिल्मी हस्तियों और प्रमुख संस्थानों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *