पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप में शानदार बल्लेबाजी करते हुए नेपाल के खिलाफ नाबाद 70 रन की पारी खेली। आर्यवीर ने महज 52 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौके और 4 छक्के लगाए। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत भारतीय टीम ने 129 रन का लक्ष्य बिना कोई विकेट गंवाए 19.1 ओवर में हासिल कर लिया और मुकाबला 10 विकेट से अपने नाम किया।
आर्यवीर और कप्तान लक्ष्य के बीच शतकीय साझेदारी
अल अमेरात में खेले गए मुकाबले में आर्यवीर सहवाग ने कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के साथ मिलकर भारतीय पारी को शानदार शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 115 गेंदों में 129 रन की नाबाद साझेदारी की।
आर्यवीर ने 52 गेंदों पर 70 रन बनाए, जबकि कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 63 गेंदों में 53 रन की नाबाद पारी खेली। लक्ष्य ने अपनी पारी में 7 चौके लगाए। दोनों बल्लेबाजों ने नेपाल के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और भारत को एकतरफा जीत दिला दी।
भारतीय गेंदबाजों ने नेपाल को 128 रन पर समेटा
मुकाबले में टॉस जीतकर भारतीय कप्तान ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। शुरुआत में पिच से गेंदबाजों को मूवमेंट मिल रहा था, जिसका भारतीय गेंदबाजों ने भरपूर फायदा उठाया। सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करते हुए उन्होंने नेपाली बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।
नेपाल की पूरी टीम 42.3 ओवर में 128 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। नेपाल की ओर से दर्शन सोनार ने सर्वाधिक 43 रन बनाए। उन्होंने 93 गेंदों का सामना किया। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज आशिष लुहार ने 45 गेंदों में 29 रन जोड़े।
भारत की ओर से ईशान सूद और अर्जुन राजपूत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए। यशवीर गौड़ को 2 विकेट मिले, जबकि काव्या पटेल और मनाल चौहान ने 1-1 विकेट लिया।
ईशान सूद बने प्लेयर ऑफ द मैच
शानदार गेंदबाजी के लिए ईशान सूद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने अपने 10 ओवर के स्पेल में महज 18 रन देकर 3 विकेट झटके। इस दौरान उन्होंने 4 मेडन ओवर भी डाले। उनकी किफायती गेंदबाजी ने नेपाल की रन गति पर अंकुश लगाने में अहम भूमिका निभाई।
8 नवंबर को पाकिस्तान से होगी भिड़ंत
नेपाल के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करने के बाद भारतीय अंडर-19 टीम की अगली चुनौती पाकिस्तान होगी। दोनों टीमों के बीच 8 नवंबर को मुकाबला खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मैच में सभी की नजरें एक बार फिर आर्यवीर सहवाग और भारतीय टीम के प्रदर्शन पर रहेंगी।