बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। रायपुर-पलारी मार्ग पर घोटिया मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई। मृतकों की उम्र महज 18 साल थी और वे आपस में मौसेरे भाई थे।
हादसे में प्रेम धीवर (18) ने सोमवार को बलौदाबाजार अस्पताल में दम तोड़ दिया था। वहीं, गंभीर हालत में रायपुर रेफर किए गए राज धीवर (18) और खिलेश्वर धीवर (18) की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। तीनों युवक नवरात्रि के मौके पर पलारी जा रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
तेज रफ्तार बाइक खड़े ट्रक में जा घुसी
जानकारी के मुताबिक, कोरासी गांव निवासी प्रेम धीवर अपने मौसेरे भाइयों राज धीवर और खिलेश्वर धीवर के साथ बाइक से पलारी जा रहा था। सोमवार देर रात तीनों दौदे से पलारी की ओर निकले थे।
इसी दौरान पलारी थाना क्षेत्र के घोटिया मोड़ के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रेम धीवर की बलौदाबाजार अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, राज और खिलेश्वर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।
रायपुर के DKS अस्पताल में दो युवकों ने तोड़ा दम
राज धीवर और खिलेश्वर धीवर का रायपुर स्थित DKS अस्पताल में इलाज चल रहा था। डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद बुधवार को दोनों युवकों की मौत हो गई।
पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। देर रात शव गांव लाए गए। गुरुवार को दोनों का अंतिम संस्कार किया जाना है।
तीनों युवक थे मौसेरे भाई, परिवारों में मातम
हादसे में जान गंवाने वाले प्रेम धीवर और खिलेश्वर धीवर कोरासी गांव के रहने वाले थे, जबकि राज धीवर पलारी में रहता था। तीनों मौसी के परिवार से जुड़े रिश्तेदार थे और उनकी उम्र 18 साल थी।
प्रेम के पिता दौदे में होटल चलाते हैं। प्रेम भी अपने पिता के साथ होटल के काम में हाथ बंटाता था। नवरात्रि के मौके पर तीनों युवक पलारी जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उनकी जिंदगी खत्म कर दी।
तीनों की मौत की खबर से परिवारों में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घोटिया मोड़ पर पहले भी हो चुके हैं सड़क हादसे
पलारी थाना क्षेत्र का घोटिया मोड़ सड़क हादसों के लिहाज से संवेदनशील स्थान माना जाता है। यहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल, तीन युवकों की मौत से उनके परिवारों और परिचितों में शोक का माहौल है। एक साथ तीन मौसेरे भाइयों की असमय मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।

पलारी थाना क्षेत्र के घोटिया मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी।

हादसे के बाद प्रेम धीवर (18) की बलौदाबाजार अस्पताल में इलाज के दौरान मौत।

खिलेश्वर धीवर (18) की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर किया गया था।

हादसे में घायल राज धीवर ने भी इलाज के तीसरे दिन मौत हो गई।