सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के टी एंड डी विभाग में आयोजित कर्म शिरोमणि पुरस्कार वितरण समारोह में कार्यस्थल पर सुरक्षा मानदंडों का पालन करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कर्म शिरोमणि पुरस्कार का मुख्य उद्देश्य कार्यस्थल पर सुरक्षा मानदंडों का पालन करते हुए संसाधनों के बेहतर उपयोग, कार्यकुशलता एवं संगठनात्मक उद्देश्यों की प्राप्ति में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मठ एवं सृजनशील कर्मचारियों को प्रोत्साहित और सम्मानित करना है। यह पुरस्कार कर्मचारियों में कार्य के प्रति समर्पण, जिम्मेदारी एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
समारोह में ब्लास्ट फर्नेस स्टेशन में कार्यरत श्री घनश्याम प्रसाद, श्री भुवाल राम गणवारे एवं श्री शिव बिलास तथा ओपन हर्थ स्टेशन में कार्यरत श्री सुरेश कुमार साहू को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं कार्य के प्रति समर्पण के लिए कर्म शिरोमणि पुरस्कार प्रदान किया गया। सम्मानित कर्मचारियों को उपहार एवं प्रमाण पत्र के साथ-साथ उनके जीवनसाथियों के लिए प्रशंसा पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाप्रबंधक प्रभारी (टी एंड डी) श्री गोपीनाथ मलिक ने अपने संबोधन में विभाग के कार्यों से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों एवं सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करना सराहनीय है। उन्होंने पुरस्कृत कर्मचारियों से भविष्य में भी इसी प्रकार बेहतर कार्य करने तथा अपने सहकर्मियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर उपस्थित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सम्मानित कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कर्मचारियों को इसी लगन, निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते रहने तथा अपने कार्यों से अन्य सहकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बनने हेतु प्रोत्साहित किया।
समारोह में टी एंड डी विभाग के महाप्रबंधक श्री मनोज प्रसाद, श्री जितेन्द्र कुमार, श्री जॉन मिंज, उप महाप्रबंधक श्री बी.डी. टुडू एवं उप प्रबंधक श्री ओम प्रकाश चौधरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन-सेवाएं) डॉ. उपेंद्र कुमार शर्मा द्वारा किया गया। समारोह को सफल बनाने में मानव संसाधन-सेवाएं कार्यालय के श्री नीरज गुप्ता, सुश्री लक्ष्मी दौलतानी, सुश्री सोमा रानी, सुश्री प्रिया,श्री बिरेन्द्र एवं श्री हरिन्दर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।