Vidyut Jammwal Street Fighter Interview: बॉलीवुड के एक्शन स्टार विद्युत जामवाल अब हॉलीवुड फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ में धलसिम के किरदार में नजर आने वाले हैं। खास बात यह है कि विद्युत अपनी इस उपलब्धि को किसी बड़े चैलेंज के बजाय किस्मत का साथ मानते हैं। उनका कहना है कि फिल्म के डायरेक्टर ने उनके मार्शल आर्ट्स, योग और कलरीपायट्टु के अनुभव को समझने के बाद उन्हें इस किरदार के लिए चुना।
दैनिक भास्कर को दिए इंटरव्यू में विद्युत ने हॉलीवुड सितारों के साथ काम करने, लास वेगास में गायत्री मंत्र के जाप, युवाओं की सोच, धलसिम के लुक और टाइगर श्रॉफ के साथ अपनी आगामी फिल्म को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा कीं।
‘मुझे ढूंढते-ढूंढते दुनिया के 11 बेस्ट फाइटर्स में शामिल किया’
जब विद्युत से पूछा गया कि ‘स्ट्रीट फाइटर’ में धलसिम का किरदार उनके लिए कितना बड़ा चैलेंज था, तो उन्होंने कहा कि उन्हें यह चुनौती नहीं लगी। निर्देशक ने उन्हें फोन करने से पहले उनके काम और क्षमताओं के बारे में पूरी जानकारी जुटाई थी।
विद्युत के मुताबिक, उन्हें लगा कि किस्मत बहुत अच्छी चीज है। कभी-कभी चीजें अपने आप आपके पास पहुंचती हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म के लिए दुनिया के 11 बेहतरीन फाइटर्स की तलाश की जा रही थी और उस तलाश में उन्हें चुना गया।
उन्होंने यह भी बताया कि धलसिम के किरदार में योग और कलरीपायट्टु का मिश्रण उनके लिए खास है, क्योंकि ये दोनों ही उनकी अपनी ट्रेनिंग और जीवनशैली से जुड़े हैं।
धलसिम और विद्युत में क्या है समानता?
धलसिम और अपने बीच समानता के सवाल पर विद्युत ने कहा कि धलसिम एक पारिवारिक व्यक्ति है, जिसकी पत्नी और बच्चे हैं। हालांकि, दोनों में एक अहम समानता यह है कि वे दूसरों के लिए लड़ते हैं, अपने निजी स्वार्थ के लिए नहीं।
विद्युत का मानना है कि किसी भी लड़ाई के पीछे कोई मकसद होना चाहिए। यदि लड़ने का कोई कारण ही नहीं है, तो लड़ाई करने की जरूरत भी नहीं है।
उनकी यह बात उनके एक्शन स्टार वाले अंदाज के साथ जीवन को लेकर उनके नजरिए को भी सामने लाती है।
युवाओं को अपनी सोच के मुताबिक आगे बढ़ने देना चाहिए
आज की पीढ़ी को योग, मेडिटेशन और आत्मनियंत्रण अपनाने की जरूरत के सवाल पर विद्युत ने कहा कि युवा समझदार हैं और उन्हें अपनी पसंद के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुरानी पीढ़ियों ने कुछ चीजें हासिल करने में लंबा समय लगाया है, लेकिन आज की पीढ़ी की सोच और दिमाग अलग हैं। इसलिए उनकी सोच को रोकने के बजाय उन्हें आगे बढ़ने देना चाहिए।
विद्युत ने माता-पिता को भी संदेश दिया कि बच्चों से कहें कि वे अपनी पसंद का काम करें और परिवार उनके साथ खड़ा है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि हर काम एक दायरे में रहकर किया जाना चाहिए।
‘खुद को जानने की कोशिश कभी नहीं रुकनी चाहिए’
विद्युत जामवाल के मुताबिक, योग, मार्शल आर्ट्स, कला और यहां तक कि कुकिंग भी खुद को समझने के माध्यम हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी गतिविधियों का मूल उद्देश्य खुद को जानना है।
उनका मानना है कि जब व्यक्ति खुद को अच्छी तरह समझने लगता है, तो उसे दूसरों को बार-बार अपनी बात समझाने की जरूरत नहीं पड़ती।
विद्युत ने योग के महत्व पर बात करते हुए आसन, प्राणायाम और प्रत्याहार जैसे अभ्यासों का जिक्र किया। उनके अनुसार, सांस लेने, बैठने और चलने के सही तरीके को समझना व्यक्ति के सोचने और जीवन जीने के तरीके को भी प्रभावित कर सकता है।
लास वेगास में गायत्री मंत्र और सूर्य चालीसा का किया पाठ
‘स्ट्रीट फाइटर’ के एक कार्यक्रम में लास वेगास के दौरान गायत्री मंत्र, सूर्य और चंद्र से जुड़े पाठ करने के अनुभव को विद्युत ने खास बताया।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में सबसे पहले उन्हें माइक दिया गया था। उस समय उन्हें लगा कि जब डर लगे, तो गायत्री मंत्र का जाप करना चाहिए। इसके बाद उन्होंने सूर्य चालीसा और चंद्र से जुड़ा पाठ भी किया।
विद्युत के मुताबिक, मंत्रों के बाद वहां का माहौल शांत हो गया। उन्होंने कहा कि कुछ चीजों को समझने के लिए भाषा की जरूरत नहीं होती, क्योंकि वे सीधे एहसास से जुड़ी होती हैं। उनके अनुसार, मंत्रों में मन को शांत करने की शक्ति है।
जेसन मोमोआ, 50 सेंट और WWE सितारों के साथ बिताए 45 दिन
हॉलीवुड और मनोरंजन जगत के बड़े नामों के साथ काम करने के अनुभव पर विद्युत ने कहा कि सेट पर सब कुछ सहज और सामान्य था। जेसन मोमोआ, 50 सेंट, रोमन रेंस और कोडी रोड्स जैसे सितारों के साथ बैठना और सामान्य बातचीत करना उनके लिए अच्छा अनुभव रहा।
उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति ने जिंदगी में क्या हासिल किया है और वह असल में कैसा है, ये दोनों अलग बातें हैं। उनके मुताबिक, जब लोग अपने वास्तविक स्वभाव में रहते हैं, तो आपसी बातचीत सहज बनी रहती है।
विद्युत ने बताया कि रोमन रेंस को भारत पसंद है और वह यहां WWE के प्रशंसकों के उत्साह से परिचित हैं। कोडी रोड्स की भी भारत आने की इच्छा है। 50 सेंट भारत में कई कार्यक्रम कर चुके हैं।
विद्युत के लिए सबसे खास बात भारतीय मार्शल आर्ट्स का प्रतिनिधित्व करना रही। उन्होंने कहा कि इन सितारों के साथ 45 दिन बिताने के बाद उन्हें उनके वास्तविक व्यक्तित्व को समझने का मौका मिला।
धलसिम के गंजे लुक पर क्या बोले विद्युत?
फिल्म में धलसिम के गंजे लुक को लेकर मिल रही प्रतिक्रियाओं पर विद्युत ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह हैरान हैं कि लोगों को गंजे लोग इतने पसंद आ रहे हैं।
उन्होंने अपने गंजे दोस्तों से मजाक में कहा कि वे बाल क्यों उगा रहे हैं। विद्युत ने यह भी बताया कि गेमिंग की दुनिया में धलसिम के किरदार को जानने वाले लोग उसके पारंपरिक लुक से परिचित हैं, जबकि दूसरे दर्शक इसे मनोरंजन के नजरिए से देख रहे हैं।
लोगों की ओर से उन्हें ‘क्यूट’ कहे जाने पर भी विद्युत ने मजाक किया कि उन्हें समझ नहीं आया कि गंजा आदमी क्यूट कैसे लग सकता है।
फैंस की उम्मीदों का दबाव नहीं लेते विद्युत
हर फिल्म के साथ प्रशंसकों की बढ़ती उम्मीदों के बारे में विद्युत ने कहा कि वह इसे किसी बाहरी दबाव की तरह नहीं देखते। उनके लिए असली जिम्मेदारी खुद के प्रति है—सही काम करना, खुश रहना और लगातार खुद को बेहतर बनाना।
उन्होंने कहा कि ‘स्ट्रीट फाइटर’ की शूटिंग के दौरान भी उनका ध्यान अपनी मार्शल आर्ट्स की क्षमताओं का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर था।
टाइगर श्रॉफ के साथ आने वाली फिल्म को लेकर उत्साहित
विद्युत जामवाल ने टाइगर श्रॉफ के साथ अपनी आगामी फिल्म को लेकर भी उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि टाइगर को जानने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि दोनों में काफी क्षमता है।
विद्युत के मुताबिक, दोनों को ऐसा निर्देशक मिलना बाकी है, जो उनकी क्षमताओं को और आगे ले जा सके। उन्हें उम्मीद है कि जब यह फिल्म दर्शकों के सामने आएगी, तो दोनों की जोड़ी स्क्रीन पर कुछ खास पेश करेगी।
‘स्ट्रीट फाइटर’ में धलसिम का किरदार विद्युत जामवाल के लिए सिर्फ एक हॉलीवुड प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि भारतीय मार्शल आर्ट्स और अपनी वर्षों की ट्रेनिंग को वैश्विक मंच पर पेश करने का अवसर भी है।