Meta Pixel

भिलाई इस्पात संयंत्र एवं भारतीय वेल्डिंग संस्थान की भिलाई शाखा के संयुक्त तत्वावधान में वेल्डिंग प्रतियोगिता आयोजित

Spread the love

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र एवं भारतीय वेल्डिंग संस्थान (आईआईडब्ल्यू), भिलाई शाखा के संयुक्त तत्वावधान में संयंत्र के संविदा श्रमिकों के लिए मार्स-3 विभाग में वेल्डिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कुल 103 प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपनी तकनीकी दक्षता एवं कार्यकुशलता का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह 22 अक्टूबर 2026 को कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री राकेश कुमार के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। जीएमएडब्ल्यू श्रेणी में श्री जी. राजेश तथा एसएमएडब्ल्यू श्रेणी में श्री सुनील प्रसाद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों विजेताओं का चयन 14 एवं 15 दिसंबर 2026 को वडोदरा, गुजरात में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय वेल्डिंग प्रतियोगिता में भिलाई का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया गया है।

मुख्य अतिथि श्री राकेश कुमार ने अपने संबोधन में मानव संसाधन के कौशल उन्नयन, सुरक्षा मानकों के अनुपालन तथा वेल्डिंग कार्य में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण वेल्डिंग संयंत्र के उपकरणों के बेहतर रखरखाव, परिचालन विश्वसनीयता तथा उत्पादन क्षमता में वृद्धि के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें अपने तकनीकी कौशल को निरंतर विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी महाप्रबंधक (मार्स) एवं मानद सचिव, आईआईडब्ल्यू, भिलाई शाखा श्री राजेश अग्रवाल ने दी। कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक एवं प्रभारी (एलडीसीपी/आरपी-1, 2 एवं 3) श्री वीरेंद्र ओगले ने किया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (एमडब्ल्यूआरएम) श्री योगेश शास्त्री, मुख्य महाप्रबंधक (शॉप्स) श्री उत्पल दत्ता तथा महाप्रबंधक (मार्स) एवं ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री एन.के. बंछोर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इस प्रतियोगिता का उद्देश्य संविदा श्रमिकों की तकनीकी दक्षता को प्रोत्साहित करने के साथ वेल्डिंग कार्य में गुणवत्ता, सुरक्षा एवं उत्कृष्ट कार्यप्रणाली को बढ़ावा देना है। भिलाई इस्पात संयंत्र एवं भारतीय वेल्डिंग संस्थान, भिलाई शाखा की यह संयुक्त पहल श्रमिकों को अपनी तकनीकी दक्षता प्रदर्शित करने तथा राष्ट्रीय स्तर पर संयंत्र का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्रदान करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *