Meta Pixel

पर्यावरण विभाग की समीक्षा बैठक: सीएम विष्णु देव साय बोले – नवा रायपुर का विकास भविष्य की जरूरतों के अनुसार होगा, रेल-लॉजिस्टिक हब पर भी चर्चा

Spread the love

 छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने शनिवार को नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में आवास एवं पर्यावरण विभाग की व्यापक समीक्षा बैठक ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभागीय योजनाओं, अधूरे कार्यों और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसे भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप सुनियोजित ढंग से किया जाएगा।

बैठक में मौजूद रहे कई वरिष्ठ अधिकारी

इस समीक्षा बैठक में वित्त एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, आवास एवं पर्यावरण सचिव अंकित आनंद, एनआरडीए के सीईओ चंदन कुमार, गृह निर्माण मंडल के आयुक्त अवनीश शरण, रायपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ आकाश छिकारा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।


मुख्यमंत्री का विजन:

“नवा रायपुर – भारत की सबसे आधुनिक राजधानी बने”

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर पहले से ही IIM, IIIT, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों का केंद्र है और आने वाले समय में यहाँ जनसंख्या और बसाहट में बढ़ोतरी निश्चित है। ऐसे में सड़क, रेल, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था जैसी नागरिक सुविधाओं का भी व्यापक विस्तार जरूरी है।


रेल कनेक्टिविटी पर जोर:

मुख्यमंत्री ने परमालकसा-खरसिया नई रेलवे लाइन को नवा रायपुर से जोड़ने की मंशा जाहिर की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए ताकि नवा रायपुर में रेल नेटवर्क का विस्तार हो सके और आम नागरिकों को सीधी सुविधा मिल सके।


विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे से जुड़ाव और लॉजिस्टिक हब:

मुख्यमंत्री साय ने ‘भारत माला परियोजना’ के तहत बन रहे विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे को लेकर कहा कि यह मार्ग रायपुर से विशाखापट्टनम की दूरी को 100 किलोमीटर तक कम करेगा। उन्होंने नवा रायपुर में लॉजिस्टिक हब विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया ताकि आयात-निर्यात और निवेश को बढ़ावा मिले। अधिकारियों ने बताया कि एक्सप्रेसवे निर्माण का 95% कार्य पूरा हो चुका है।


नवा रायपुर में नए प्रोजेक्ट्स की जानकारी:

बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को नवा रायपुर में ऑक्सीजोन के तहत किए जा रहे वृक्षारोपण (पीपल, बरगद, करंज, नीम, अशोक, अमलतास, गुलमोहर आदि) और उनके विकास की जानकारी दी। इसके साथ ही आगामी योजनाओं में निम्नलिखित प्रस्ताव शामिल हैं:

  • राज्य आयोग-बोर्ड-निगमों के लिए बिडिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण

  • वर्किंग वुमन हॉस्टल

  • 100 बिस्तरों वाला नया अस्पताल

  • एक नवीन थाना की स्थापना

  • आवंटित भू-खंडों का समुचित उपयोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी नई योजनाओं में भविष्य की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखा जाए और परियोजनाओं में गुणवत्ता व समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता मिले।


विभागीय संस्थाओं की भी समीक्षा

मुख्यमंत्री ने आवास एवं पर्यावरण विभाग के अंतर्गत आने वाले प्रमुख निकायों के कार्यों की भी समीक्षा की, जिनमें शामिल हैं:

  • छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल

  • गृह निर्माण मंडल

  • नगर तथा ग्राम निवेश

  • छत्तीसगढ़ भू-सम्पदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा)

  • रायपुर विकास प्राधिकरण

उन्होंने इन संस्थाओं को जनहित से जुड़ी योजनाओं में पारदर्शिता और गति लाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *